दुनिया

पश्चिम एशिया में शांति की कोशिशें तेज, इस्लामाबाद में चार देशों की अहम बैठक

पाकिस्तान में रविवार को सऊदी अरब, मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों का चतुष्पक्षीय शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और शांति स्थापित करने के प्रयासों पर चर्चा की जाएगी।

Image

पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ (फाइल फोटो- AP)

पाकिस्तान में रविवार को सऊदी अरब, मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों का चतुष्पक्षीय शिखर सम्मेलन होगा जिसमें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष एवं शांति के लिए बातचीत के प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। विदेश कार्यालय ने यह जानकारी दी। विदेश कार्यालय के अनुसार, मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्री पहले ही इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं, जबकि सऊदी अरब के उनके समकक्ष प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद के रविवार को पहुंचने का कार्यक्रम है।

क्षेत्र में तनाव कम करने पर चर्चा

इसने बताया कि मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती और तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार के निमंत्रण पर शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचे। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के अनुसार, ये नेता क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार-विमर्श करेंगे और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात भी करेंगे। इसने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दौरे पर आए विदेश मंत्री ’’क्षेत्र में तनाव कम करने के प्रयासों सहित कई मुद्दों पर गहन चर्चा’’ करेंगे। शनिवार आधी रात के बाद विदेश कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि डार ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से टेलीफोन पर बातचीत की और ’’क्षेत्रीय स्थिति में हो रहे बदलाव तथा जारी घटनाक्रम’’ पर चर्चा की। डार ने कहा कि उन्होंने तनाव कम करने की जरूरत पर जोर दिया और रेखांकित किया कि स्थायी शांति के लिए संवाद एवं कूटनीति ही एकमात्र व्यावहारिक रास्ता है।

पाकिस्तानी जहाजों को निकलने की अनुमति

उन्होंने घोषणा की कि ईरान ने पाकिस्तानी झंडे वाले 20 और पोतों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा, ’’मुझे यह बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि ईरान सरकार ने पाकिस्तानी झंडे वाले 20 और पोतों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है। प्रतिदिन दो पोत इस जलडमरूमध्य को पार करेंगे।’’ डार ने कहा, ’’ईरान का यह कदम शांति का संकेत है और यह क्षेत्र में स्थिरता लाने में मदद करेगा।’’ उन्होंने पोस्ट में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, पश्चिम एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अराघची को टैग किया और कहा कि ’’संवाद, कूटनीति एवं भरोसा बढ़ाने वाले ऐसे कदम ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता हैं।’’

इनपुट- भाषा

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article