दुनिया

पाकिस्तान में रातोंरात आम जनता को बड़ा झटका, 332 रुपये पहुंचे पेट्रोल के दाम, मचा हाहाकार

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Sep 16, 2023, 07:15 AM IST

Pakistan Petrol Price: पेट्रोल में 26 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। वहीं डीजल पर 17.34 रुपये बढ़ाए गए हैं। इसके बाद पेट्रोल की कीमत बढ़कर 332 रुपये पहुंच गई है, जबकि डीजल 330 रुपये में मिल रहा है। नई कीमतें 16 सितंबर यानी आज से लागू की गई हैं।

Image

पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर

Photo : BCCL

Pakistan Petrol Price: पाकिस्तान में कमरतोड़ महंगाई से आम जनता हलकान है। यहां रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। मुद्रास्फीति के कारण पाकिस्तानी रुपया गर्त में जा चुका है। आम जनता दाने-दाने को मोहताज है और फिलहाल सरकार के पास इस आर्थिक संकट का कोई समाधान नहीं दिखाई पड़ रहा है। इस बीच पाकिस्तानी सरकार ने आम जनता को एक और झटका दिया है।

पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पहले से ही आसमान छू रही थीं। इस बीच सरकार ने रातोंरात इनके दामों में भारी इजाफा किया है, जिसके बाद दाम 300 के भी पार चले गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल में 26 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। वहीं डीजल पर 17.34 रुपये बढ़ाए गए हैं। इसके बाद पेट्रोल की कीमत बढ़कर 332 रुपये पहुंच गई है, जबकि डीजल 330 रुपये में मिल रहा है।

सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन

पाकिस्तान की कार्यवाहक सरकार ने 15 सितंबर की रात नोटिफिकेशन जारी कर पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया। इसमें कहा गया है कि इंटरनेशनल मार्केट में पेट्रोलियन के दाम बढ़ने के कारण पाकिस्तान में भी कीमतों में इजाफा किया गया है। पेट्रोल-डीजल पर बढ़े हुए दाम 16 सितंबर से प्रभावी होंगे। पाकिस्तान सरकार की ओर से बढ़ाए गए दामों के बाद विपक्षी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने सरकार की आलोचना की है। पीटीआई की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट किया गया है, इसमें एक वीडियो में कहा गया है 'वेलकम टू पुराना पाकिस्तान'।

इस साल जमकर बढ़े दाम

पाकिस्तान में इस साल पेट्राल की कीमतों में जमकर इजाफा हुआ है। 1 जनवरी 2023 को पेट्राल के दाम 214.80 रुपये लीटर थे। 16 फरवरी को यह 272 रुपये पहुंचा, इसके बाद 16 अप्रैल को पेट्रोल के दाम फिर बढ़ाए गए और नए दाम 282 रुपये हो गए। 16 जून को जनता को कुछ राहत देते हुए सरकार ने दाम घटाकर 262 रुपये किए, इसके बाद एक बार फिर से दाम घटाकर 253 रुपये किए गए। हालांकि, बाद में सरकार ने भारी इजाफा करते हुए 1 अगस्त को 272.95 रुपये नए दाम तय किए। 16 अगस्त को एक बार फिर से पेट्रोल की कीमत बढ़ाई गई और दाम 290 रुपये के पार चले गए। 1 सितंबर को नए दाम 305.36 रुपये तक पहुंच गए और आज से पाकिस्तान पेट्राल की कीमत बढ़कर 331.38 रुपये हो गई है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article