Pakistan Petrol Price Hike: आर्थिक तंगी और महंगाई से जूझ रहे पाकिस्तान की जनता पर संघीय सरकार ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी कर एक और बड़ा झटका दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के ऊर्जा प्रभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की दरों में तत्काल प्रभाव से बढ़ोतरी की गई है।
नई दरों का पूरा ब्योरा
सरकार द्वारा संशोधित पेट्रोलियम मूल्य निर्धारण तंत्र के तहत नई दरें 18 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गई हैं। आइए जानते हैं अब कितनी हुई पाकिस्तान में तेल की कीमत?
पेट्रोल की नई कीमत: पेट्रोल की कीमत में ₹5.77 प्रति लीटर का इजाफा किया गया है, जिससे इसका दाम ₹325.43 से बढ़कर ₹331.20 प्रति लीटर हो गया है।
हाई-स्पीड डीजल की नई कीमत: हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में ₹6.47 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे इसकी नई दर ₹383.95 से बढ़कर ₹390.42 प्रति लीटर पहुंच गई है।
आम जनता और माल ढुलाई पर पड़ेगा सीधा असर
पाकिस्तान में डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर माल ढुलाई और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर पड़ेगा। इससे दैनिक उपभोग की वस्तुओं, खाद्य पदार्थों और परिवहन किराए में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।
भारत में एथनॉल पर बवाल
वहीं, भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने सरकार को पुराने वाहन मालिकों की चिंताओं को देखते हुए कम एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का विकल्प फिर से उपलब्ध कराने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इससे देश में बड़ी संख्या में मौजूद पुराने वाहनों को सुरक्षा मिल सकेगी और साथ ही एथनॉल मिश्रण कार्यक्रम भी जारी रखा जा सकता है।
सरकार ने पिछले साल 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) की शुरुआत की थी। एक अप्रैल से देशभर के पेट्रोल पंप पर बिक्री के लिए यही पेट्रोल उपलब्ध है। इसका उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, घरेलू कृषि क्षेत्र को समर्थन देना और प्रदूषण घटाना है।
हालांकि, कुछ वाहन मालिकों, खासकर पुराने बीएस-6 से पहले के वाहनों के उपयोगकर्ताओं ने ई20 पेट्रोल के कारण वाहन के प्रदर्शन में कमी और कलपुर्जों को नुकसान पहुंचने की शिकायत की है। सरकार इन दावों को खारिज करती रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि अलग-अलग प्रकार के पेट्रोल की आपूर्ति के लिए अलग बुनियादी ढांचा तैयार करना और उसे बनाए रखना व्यावहारिक नहीं है।
