दुनिया

रहस्यमयी तरीके से पाकिस्तान बढ़ा रहा परमाणु हथियार, अमेरिकी वैज्ञानिक ने किया चौंकाने वाला दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 15, 2023, 10:09 AM IST

Pakistan Nuclear Weapons: अमेरिका के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक ने दावा किया है कि पाकिस्तान के पास तकरीबन 170 परमाणु हथियारों का भंडार है जो मौजूदा वृद्धि दर के हिसाब से 2025 तक करीब 200 तक बढ़ सकता है।

Image

पाकिस्तान बढ़ा रहा परमाणु ताकत

Photo : BCCL

Pakistan Nuclear Weapons: पाकिस्तान भले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा हो, यहां की जनता दाने-दाने को मोहताज हो और लोग सड़क पर आंदोलन कर रहे हों, लेकिन इन सबसे बेपरवाह यहां की सरकार अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने में जुटी है। अब खबर सामने आई है कि पाकिस्तान गुपचुप और रहस्यमयी तरीके से अपनी परमाणु ताकत को बढ़ाने में लगा हुआ है।

अमेरिका के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक ने दावा किया है कि पाकिस्तान के पास तकरीबन 170 परमाणु हथियारों का भंडार है जो मौजूदा वृद्धि दर के हिसाब से 2025 तक करीब 200 तक बढ़ सकता है। अमेरिकी वैज्ञानिक के इस दावे ने कई देशों को हैरान कर दिया है।

न्यूक्लियर नोटबुक में किया गया दावा

अमेरिका के 'बुलेटिन ऑफ अटॉमिक साइंटिस्ट्स' में 11 सितंबर को प्रकाशित स्तंभ 'न्यूक्लियर नोटबुक' में यह चौंकाने वाला दावा किया गया है। इसमें कहा गया है कि हमारा अनुमान है कि पाकिस्तान के पास करीब 170 परमाणु हथियारों का भंडार है। अमेरिका की रक्षा खुफिया एजेंसी ने 1999 में अनुमान जताया था कि पाकिस्तान के पास 2020 तक 60 से 80 परमाणु हथियार होंगे लेकिन तब से कई नयी हथियार प्रणालियां तैनात और विकसित की गयी हैं जिससे आकलन बढ़ गया है।

पाकिस्तान छिपाता है जानकारी

अमेरिकी वैज्ञानिकों ने कहा है कि हमारा आकलन काफी अनिश्चितता से भरा है क्योंकि न तो पाकिस्तान और न ही अन्य देश पाकिस्तानी परमाणु शस्त्रागार के बारे में ज्यादा सूचना प्रकाशित करते हैं। उन्होंने कहा, हमारा अनुमान है कि देश का भंडार मौजूदा वृद्धि दर से 2020 के बाद के वर्षों में करीब 200 तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा, लेकिन जब तक भारत अपने शस्त्रागार का विस्तार नहीं करता या पारंपरिक ताकतों का निर्माण नहीं करता, तब तक यह उम्मीद करना उचित लगता है कि पाकिस्तान का परमाणु शस्त्रागार अनिश्चितकाल तक बढ़ता नहीं रहेगा बल्कि उसके मौजूदा हथियार कार्यक्रम पूरे होने के बाद यह कम होना शुरू हो सकता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article