दुनिया

इमरान खान को मिली राहत, अदालत ने हत्या के आरोप सहित दो मामलों में दी जमानत

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 19, 2023, 12:57 PM IST

इमरान ने दावा किया है कि उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला ले लिया गया है और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के सिलसिले में उन पर पाकिस्तान आर्मी एक्ट और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।

Image

इमरान खान को मिली जमानत

Photo : ANI

Imran khan: लाहौर की एक आतंकवाद-रोधी अदालत (एटीसी) ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को दो जून तक दो मामलों में जमानत दे दी है। इमरान खान को जिन्ना हाउस तोड़फोड़ मामले में और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ता जिले शाह की हत्या मामले में जमानत मिली है। इमरान खान ने अपने वकील, बैरिस्टर सलमान सफ़र के माध्यम से एक याचिका दायर कहा था कि जिले शाह हत्याकांड में उनके खिलाफ एक निराधार मामला दर्ज किया गया है। समा टीवी ने बताया कि याचिका में कहा गया है कि इमरान खान बदले की राजनीति के शिकार हैं और उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है।

सड़क हादसे में हुई थी जिले शाह की मौत

याचिका में कहा गया है कि सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इमरान खान को जिले शाह हत्याकांड में अंतरिम जमानत मिलनी चाहिए। एक पुलिस जांच रिपोर्ट के अनुसार, लाहौर में सड़क पार करने की कोशिश कर रहे पीटीआई कार्यकर्ता ज़िले शाह को एक कार ने टक्कर मार दी थी। उन्हें सर्विसेज अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। पीटीआई पार्टी का दावा है कि जिले शाह की हत्या की गई है। पार्टी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जिले शाह को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया था।

9 मई को अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे। उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिन्ना हाउस (लाहौर कॉर्प्स कमांडर का घर), मियांवाली एयरबेस और फैसलाबाद में आईएसआई भवन सहित एक दर्जन सैन्य प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की थी।

पुलिस टीम इमरान खान के आवास का दौरा करेगी

इस बीच, पंजाब पुलिस का एक प्रतिनिधिमंडल लाहौर के जमान पार्क में इमरान खान के घर जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम इमरान खान से बातचीत करेगी और फिर मीडिया की मौजूदगी में उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाएगी।

इमरान ने जातई फिर गिरफ्तारी की आशंका

इससे पहले इमरान खान ने सरकार से तलाशी वारंट के साथ एक पुलिस दल भेजने को कहा था। साथ ही कहा था कि उन्हें इस पर आपत्ति नहीं होगी। इमरान ने दावा किया है कि उन्हें गिरफ्तार करने का फैसला ले लिया गया है और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले के सिलसिले में उन पर पाकिस्तान आर्मी एक्ट और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें राजद्रोह के आरोप में 10 साल तक जेल में रखा जाएगा।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article