दुनिया

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भीषण विस्फोट, नौ पुलिसकर्मियों की मौत, 13 घायल

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 6, 2023, 02:11 PM IST

Explosion in Pakistan : ट्रिब्यून डॉट कॉम की रिपोर्ट में स्थानीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि विस्फोट क्वेटा-सिबी हाइवे पर काम्बरी ब्रिज पर हुआ। बोलन के पुलिस अधीक्षक महमूद नोतिजाई ने कहा कि यह विस्फोट आत्मघाती हमला हो सकता है।

Image

बलूचिस्तान में आए दिन हमले हो रहे हैं।

Photo : PTI

Pakistan : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को सुरक्षाबलों को निशान बनाकर भीषण हमला हुआ। इस हमले में कम से कम 13 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। यह विस्फोट बोलन जिले में बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी के ट्रक के पास हुआ। ट्रिब्यून डॉट कॉम की रिपोर्ट में स्थानीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि विस्फोट क्वेटा-सिबी हाइवे पर काम्बरी ब्रिज पर हुआ। बोलन के पुलिस अधीक्षक महमूद नोतिजाई ने कहा कि यह विस्फोट आत्मघाती हमला हो सकता है। विस्फोट की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबल के अधिकारी पहुंचे।

मेला में ड्यूटी से लौट रहे थे सुरक्षाकर्मी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहरहाल, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि विस्फोट किस तरह का था। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंच गया है और विस्फोट के बाद इलाके की तलाशी ली जा रही है। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। रिपोर्टों में कहा गया है कि बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मी सिबी मेला में ड्यूटी से लौट रहे थे जब उन्हें निशाना बनाया गया। विस्फोट की तीव्रता के कारण ट्रक पलट गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

कुछ घायलों की हालत गंभीर

बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी प्रांतीय पुलिस बल का एक विभाग है जो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और जेलों समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मुहैया कराता है। घायलों को सिबी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर है और मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। क्वेटा और सिबी के अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है। बीते सप्ताह में बलूचिस्तान में सुरक्षाबलों पर हमले बढ़े हैं। बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में हमले की ताजा तीन घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई।
आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article