दुनिया

Venezuela Updates: निकोलस मादुरो को लेकर न्यूयॉर्क पहुंचा विमान; अमेरिका में चलेगा मुकदमा, ट्रंप ने किया ऐलान

फ्लोरिडा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, दुनिया का कोई भी देश वह हासिल नहीं कर सकता जो अमेरिका ने कल या सच कहें तो, इतने कम समय में हासिल किया। वेनेजुएला की सभी सैन्य क्षमताएं शक्तिहीन हो गईं क्योंकि हमारे सैन्य कर्मियों ने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर रात के अंधेरे में मादुरो को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।

Image

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर चलेगा मुकदमा

Photo : AP

Nicolas Maduro News: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी पर न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में कथित नशीली दवाओं की तस्करी और नार्को-आतंकवाद की साजिशों के आरोप में मुकदमा मुकदमा चलेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर रात के समय चलाए गए एक अभियान में मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ा। फ्लोरिडा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, दुनिया का कोई भी देश वह हासिल नहीं कर सकता जो अमेरिका ने कल या सच कहें तो, इतने कम समय में हासिल किया। वेनेजुएला की सभी सैन्य क्षमताएं शक्तिहीन हो गईं क्योंकि हमारे सैन्य कर्मियों ने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर रात के अंधेरे में मादुरो को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।

मादुरो और उनकी पत्नी को लेकर न्यूयॉर्क पहुंचा विमान

निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस को ले जा रहा विमान शनिवार (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क के स्टीवर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर उतरा, जिन्हें वेनेजुएला के काराकास में अमेरिकी सेना के बड़े पैमाने पर किए गए सैन्य हमले में पकड़ लिया गया था। मादुरो को लेकर एक विमान शनिवार शाम करीब 4:30 बजे न्यूयॉर्क शहर के उत्तरी उपनगर में स्थित एक हवाई अड्डे पर उतरा। मादुरो को विमान से उतारा गया, वह सावधानी से सीढ़ियों से नीचे उतरे। उन्हें संघीय एजेंट ने घेरा हुआ था। कई एजेंट ने अपने फोन से उनके वीडियो भी बनाए। इसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से मैनहट्टन ले जाया गया, जहां कानून प्रवर्तन वाहनों का एक काफिला उनका इंतजार कर रहा था ताकि उन्हें पास के अमेरिकी ‘ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन’ (डीईए) कार्यालय ले जाया जा सके। इसमें एक बख्तरबंद गाड़ी भी शामिल थी।

‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के एक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में मादुरो मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जब दो डीईए एजेंट उनकी बांहें पकड़े हुए उन्हें कार्यालय के अंदर ले जा रहे थे। ऐसी उम्मीद है कि मुकदमा शुरू होने तक उन्हें ब्रुकलिन की एक संघीय जेल में हिरासत में रखा जाएगा।

डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति बनाने का आदेश

वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति बनाने का आदेश दिया है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को तुरंत राष्ट्रपति के सभी अधिकारों के साथ अंतरिम तौर पर कार्यभार संभालने के लिए कहा है।

मादुरो और पत्नी वेनेजुएला के काराकास में गिरफ्तार

निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस को वेनेजुएला के काराकास में एक संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया और अमेरिकी खुफिया और कानून प्रवर्तन एजेंसियां उन्हें उनके देश से बाहर ले जाया गया। ट्रंप ने कहा, अंधेरा था और हालात बेहद खतरनाक थे, लेकिन उन्हें (मादुरो) उनकी पत्नी, सिलिया फ्लोरेस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। अब दोनों को अमेरिकी न्याय का सामना करना पड़ेगा। मादुरो और फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में अभियोग लगाया गया है।

ट्रंप ने कहा कि मादुरो और उनकी पत्नी को मादक पदार्थों की तस्करी में कथित भूमिका के लिए जल्द ही अमेरिकी न्याय का सामना करना पड़ेगा और अमेरिकी धरती पर उन पर मुकदमा चलाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें वर्तमान में न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, और अधिकारी बाद में तय करेंगे कि मुकदमा न्यूयॉर्क में होगा या फ्लोरिडा में।

कहा- वेनेजुएला के लोगों को समृद्ध, स्वतंत्र और सुरक्षित बनाएंगे

ट्रंप ने कहा, हम वेनेजुएला के लोगों को समृद्ध, स्वतंत्र और सुरक्षित बनाएंगे। अवैध तानाशाह मादुरो एक विशाल आपराधिक नेटवर्क का सरगना था, जो अमेरिका में भारी मात्रा में घातक और अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए जिम्मेदार था। मादुरो और उनकी पत्नी को जल्द ही अमेरिकी न्याय व्यवस्था की ताकत का सामना करना पड़ेगा और अमेरिकी धरती पर उन पर मुकदमा चलेगा। इस समय वे एक जहाज पर हैं जो न्यूयॉर्क की ओर जा रहा है। मेरा मानना है कि न्यूयॉर्क और मियामी या फ्लोरिडा के बीच किसी एक स्थान का फैसला किया जाएगा।

अटॉर्नी जनरल पामेला बोंडी द्वारा X पर साझा किए गए एक अभियोग पत्र के अनुसार, मादुरो और फ्लोरेस पर नशीली दवाओं की तस्करी और नार्को-आतंकवाद की साजिशों से संबंधित कई वैधानिक आरोप हैं। मादुरो की गिरफ्तारी अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है। इससे पहले, ट्रंप ने अमेरिकी युद्धपोत इवो जिमा पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पहली तस्वीर जारी की थी। शनिवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, निकोलस मादुरो यूएसएस इवो जिमा (USS Iwo Jima) पर सवार हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article