दुनिया

अंतरिक्ष में बड़ा रेस्क्यू मिशन फेल, नासा के टेलीस्कोप को बचाने निकले स्पेसक्राफ्ट ने वायुमंडल में ली आखिरी सांस

NASA Swift Telescope Rescue Mission: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के पुराने टेलीस्कोप स्विफ्ट ऑब्जर्वेटरी को बचाने के लिए भेजा गया प्राइवेट रोबोटिक स्पेसक्राफ्ट अपना मिशन पूरा नहीं कर सका और नाकामयाब रहा।

Image

लिंक स्पेसक्राफ्ट मिशन फेल (फोटो साभार: NASA)

NASA Swift Telescope Rescue Mission: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के पुराने टेलीस्कोप स्विफ्ट ऑब्जर्वेटरी (Swift Observatory) को बचाने के लिए भेजा गया प्राइवेट रोबोटिक स्पेसक्राफ्ट अपना मिशन पूरा नहीं कर सका और शुक्रवार को पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते हुए तबाह हो गया।

अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, प्राइवेट रोबोटिक स्पेसक्राफ्ट का नाम लिंक (Link) था, जिसे कैटालिस्ट स्पेस टेक्नोलॉजीज (Katalyst Space Technologies) ने डिजाइन किया था।

रोबोटिक स्पेसक्राफ्ट मिशन हुआ विफल

बकौल कंपनी, तीन हाथों वाला स्पेसक्राफ्ट रातों-रात पृथ्वी के वायुमंडल में वापस आ गया। इसके साथ ही टेलीस्कोप को जीवनदान देने के लिए चलाया गया करीब 3 करोड़ डॉलर का नासा प्रयोजित मिशन समाप्त हो गया। बता दें कि स्विफ्ट टेलीस्कोप की कक्षा लगातार नीचे आ रही है और उसके भी नवंबर की शुरुआत में पृथ्वी के वायुमंडल में दाखिल होने की आशंका है।

स्विफ्ट को बचाने निकला था लिंक

लिंक स्पेसक्राफ्ट को महज एक साल से भी कम समय में डिजाइन किया गया था। इसका मकसद 22 साल पुराने स्विफ्ट स्पेस टेलीस्कोप को पकड़कर ऊंची और ज्यादा समय तक टिकने वाली कक्षा में पहुंचाना था। अगर यह मिशन सफल होता तो स्विफ्ट टेलीस्कोप ब्रह्मांडीय विस्फोटों और अन्य खगोलीय घटनाओं का अध्ययन करना जारी रख सकता था।

बकौल नासा, सूर्य की तीव्र गतिविधियों की वजह से पृथ्वी के ऊपरी वायुमंडल में बदलाव आया और स्विफ्ट की कक्षा उम्मीद से भी ज्यादा तेजी से नीचे आने लगी। नासा ने इस साल की शुरुआत में स्विफ्ट के वैज्ञानिक अवलोकन रोक दिए थे और उसे ऐसी स्थिति में रखा, जिससे वायुमंडलीय घर्षण का असर कम हो।

स्पेसक्राफ्ट में लॉन्च के बाद आईं दिक्कतें

लिंक स्पेसक्राफ्ट को 3 जुलाई को लॉन्च किया गया था, लेकिन इसके तत्काल बाद ही उसमें तकनीकी समस्याएं सामने आने लगीं। स्पेसक्राफ्ट को रोटेट और डायरेक्शन कंट्रोल करने के लिए जरूरी तीन रिएक्शन व्हील में से दो खराब हो गए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article