दुनिया

NASA ने दिखाई चंद्रमा पर Chandrayaan-3 की अनदेखी तस्वीर, रोमांच से भर जाएंगे

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 6, 2023, 11:58 AM IST

नासा ने ट्विटर पर इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा है- “चंद्रयान -3 लैंडर तस्वीर के केंद्र में है, इसकी काली छाया व्हीकल के चारों ओर चमकदार प्रभामंडल की पृष्ठभूमि में दिख रही है।

Image

नासा ने ली चंद्रयान-3 की तस्वीर

नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) ने चंद्रमा पर चंद्रयान -3 लैंडर की एक अविश्वसनीय तस्वीर ट्विटर पर साझा की है। नासा ने यह भी कहा कि तस्वीर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के एलआरओ अंतरिक्ष यान ने खींची है। नासा ने बताया, “नासा के एलआरओ अंतरिक्ष यान ने हाल ही में चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान -3 लैंडर की तस्वीर ली है। 23 अगस्त, 2023 को इसरो का चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव से लगभग 600 किलोमीटर दूर उतरा”। इस तस्वीर में चंद्रमा की सतह पर भारतीय लैंडर नजर आ रहा है।

चंद्रमा की सतह पर नजर आ रहा चंद्रयान -3

अंतरिक्ष एजेंसी ने ट्विटर पर इस तस्वीर को पोस्ट करने के साथ लिखा है- “चंद्रयान -3 लैंडर तस्वीर के केंद्र में है, इसकी काली छाया व्हीकल के चारों ओर चमकदार प्रभामंडल की पृष्ठभूमि में दिख रही है। छवि 1,738 मीटर चौड़ी है, फ़्रेम नंबर M1447750764LR”। यह पोस्ट को 5 सितंबर को शेयर किया गया था। पोस्ट किए जाने के बाद से इसे 1.6 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और संख्या बढ़ती ही जा रही है। इस पोस्ट को करीब 3,300 लाइक्स मिले हैं। लोगों ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए तरह-तरह के कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा, वाह इसरो। क्लोज-अप होता तो अद्भुत होता। एक अन्य यूजर ने लिखा- शेयर करने के लिए धन्यवाद।

चंद्रयान-3 मिशन

चंद्रयान-3 भारत का तीसरा चंद्र मिशन है और 23 अगस्त को सफलतापूर्वक चंद्रमा पर उतारा गया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारत को अमेरिका, चीन और रूस जैसे विशिष्ट देशों के क्लब में शामिल कर दिया है। चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला भारत चौथा देश बन गया है। साथ ही चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बन गया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article