US Shooting: अमेरिका में दक्षिणी इडाहो के ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार दोपहर एक व्यस्त शॉपिंग इलाके के पास स्थित प्रसिद्ध 'इन-एन-आउट बर्गर' (In-N-Out Burger) रेस्टोरेंट में अंधाधुंध गोलीबारी की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हमले में हमलावर सहित कई लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। ट्विन फॉल्स पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृत लोगों में हमलावर भी शामिल है। हालांकि, उन्होंने मृतकों और घायलों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया है। हिक्स ने कहा, यह बेहद अराजक दृश्य था। हम अभी भी पीड़ितों के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया में हैं। फिलहाल हमें विश्वास है कि अब समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है।
व्यस्त शॉपिंग एरिया में वारदात
घटनास्थल ट्विन फॉल्स शहर का एक व्यस्त शॉपिंग एरिया है, जो बोइसी से लगभग 205 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित है। पुलिस को घटना की सूचना शनिवार दोपहर करीब 4 बजे से ठीक पहले मिली। कई सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सुरक्षा के लिहाज से आस-पास की सड़कों को बंद कर दिया गया।
कम से कम पांच लोग घायल हुए
ट्विन फॉल्स काउंटी के कमिश्नर ब्रेंट रेइन्के ने बताया कि शेरिफ जैक जॉनसन से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं, सेंट ल्यूक मैजिक वैली मेडिकल सेंटर के प्रवक्ता टेलर मार्शनर ने एक बयान में कहा कि अस्पताल प्रशासन स्थिति को संभालने के लिए कानून प्रवर्तन और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
56,000 की आबादी वाला एक शांत शहर
ट्विन फॉल्स लगभग 56,000 की आबादी वाला एक शांत शहर है, जो नेवादा सीमा से करीब 120 किलोमीटर उत्तर में है। इस घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों को फिलहाल उस इलाके में जाने से बचने की सलाह दी है। मामले की जांच जारी है।
