दुनिया

बेरूत पर थम नहीं रहे इजरायली हमले, हाईवे पर चल रही तीन गाड़ियों को बनाया निशाना; दो बच्चों समेत 8 की मौत

Israel-Lebanon Conflict: इजरायल ने दक्षिणी बेरूत पर एक बार फिर से कहर बरपाया। इस हमले में दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई।

Image

इजरायल ने दक्षिणी बेरूत पर कहर बरपाया

Photo : AP

Israel-Lebanon Conflict: इजरायल ने एक बार फिर लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाके पर कहर बरपाया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इजरायली ड्रोन हमलों में बुधवार को कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन हमलों में मुख्य हाईवे पर चल रही तीन गाड़ियों को निशाना बनाया गया।

IDF ने गांव खाली करने की दी चेतावनी

इजरायली सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में हिजबुल्लाह के ठिकानों और बुनियादी ढांचे पर हमला किया। इससे कुछ घंटे पहले सेना ने दक्षिणी लेबनान के छह गांवों के लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी।

कहां-कहां हुए हमले

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दो ड्रोन हमले बेरूत और दक्षिणी बंदरगाह शहर सैडन को जोड़ने वाले हाईवे पर हुए, जबकि तीसरा हमला सादियात इलाके में हुआ। बाद में सैडन के उत्तरी प्रवेश द्वार पर भी एक कार को निशाना बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने हाईवे के पास कई शव देखे। हमलों के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल को घेर लिया।

हिजबुल्लाह ने IDF पर किया पलटवार

उधर, दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों और गांवों में भी इजरायली हवाई हमलों की रिपोर्ट्स सामने आईं। वहीं, हिजबुल्लाह ने दावा किया कि उसने भी इजरायल पर कई जवाबी हमले किए हैं।दोनों पक्षों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता से 17 अप्रैल को लागू हुए संघर्षविराम के बावजूद लगातार गोलीबारी और हमले जारी हैं।

वॉशिंगटन में फिर होगी वार्ता

इस बीच, लेबनान और इजरायल के बीच गुरुवार को वॉशिंगटन में प्रत्यक्ष वार्ता का एक और दौर होने वाला है। अमेरिकी प्रशासन दोनों देशों के बीच किसी बड़े समझौते की कोशिश कर रहा है।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, संघर्षविराम लागू होने के बाद से अब तक 380 लोग मारे जा चुके हैं और 1,122 घायल हुए हैं। वहीं, मार्च में शुरू हुए इस युद्ध में अब तक कुल 2,882 लोगों की मौत और 8,786 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article