दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास करने वाले व्यक्ति को सुनाई गई सजा, आजीवन काटेगा जेल की सजा

रिपोर्ट के मुताबिक 59 वर्षीय राउथ को पिछले साल ट्रंप की हत्या की कोशिश का दोषी ठहराया गया। उस समय ट्रंप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। यह घटना वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में हुई थी। मौके पर तैनात अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने झाड़ियों से बाहर निकली राइफल की नली देखी और राउथ पर गोली चलाई।

Image

फ्लोरिडा गोल्फ कोर्स में की थी ट्रंप की हत्या की कोशिश।

Photo : ANI

Ryan Routh : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश करने के आरोपी में दोषी ठहराए गए रेयान रूथ को आजीवन कैद की सजा सुनाई गई है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक यूएस की एक संघीय अदालत ने यह सजा सुनाई है। रेयान ने साल 2024 में फ्लोरिडा गोल्फ कोर्स में ट्रंप की हत्या करने की कोशिश की थी। रिपोर्ट के मुताबिक गत सितंबर में रेयान को पांच काउंट्स के अपराध का दोषी पाया गया। ट्रंप पर गोली चलाने से पहले सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया था।

रिपोर्ट के मुताबिक 59 वर्षीय राउथ को पिछले साल ट्रंप की हत्या की कोशिश का दोषी ठहराया गया। उस समय ट्रंप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। यह घटना वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में हुई थी। मौके पर तैनात अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने झाड़ियों से बाहर निकली राइफल की नली देखी और राउथ पर गोली चलाई, जिसके बाद वह वहां से भाग गया। बाद में उसे पास के इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। सजा से जुड़े ज्ञापन में जज ऐलीन कैनन ने कहा कि राउथ के अपराध 'निस्संदेह आजीवन कारावास की सजा के योग्य हैं।'

कई महीनों तक हत्या की योजना बनाई

उन्होंने लिखा, 'उसने कई महीनों तक एक प्रमुख राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की हत्या की योजना बनाई, रास्ते में आने वाले किसी भी व्यक्ति को मारने की मंशा दिखाई और अब तक अपने पीड़ितों के प्रति न तो कोई पछतावा जताया है और न ही कोई पश्चाताप।' राउथ के वकील मार्टिन रॉस ने कहा कि वे इस मामले में अपील करेंगे। राउथ ने खुद को निर्दोष बताया और 8 सितंबर से शुरू हुए ट्रायल के दौरान खुद ही अपनी पैरवी करने का फैसला किया।

अदालत में अजीब व्यवहार करता रहा

नॉर्थ कैरोलाइना का मूल निवासी राउथ, जो गिरफ्तारी से पहले हवाई में रह रहा था, अदालत की कार्यवाही के दौरान बार-बार अजीब व्यवहार करता रहा। इनमें ट्रंप को गोल्फ खेलने की चुनौती देना और एडोल्फ हिटलर तथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जिक्र करना शामिल था। जूरी द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद राउथ ने पेन से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अमेरिकी मार्शलों ने तुरंत उसे कोर्टरूम से बाहर ले जाया।

सेमी-ऑटोमैटिक राइफल बरामद की गई

हालांकि माना जाता है कि घटना के दौरान किसी भी समय राउथ को ट्रंप पर स्पष्ट रूप से निशाना साधने का मौका नहीं मिला, लेकिन संघीय एजेंटों ने जूरी को बताया कि बाद में उसी जगह से एक स्कोप और एक्सटेंडेड मैगजीन वाली सेमी-ऑटोमैटिक राइफल बरामद की गई, जहां वह छिपा हुआ था। इसके अलावा, जूरी को यह भी बताया गया कि राउथ वहां ट्रंप के संभावित कार्यक्रम स्थलों की एक सूची और एक दोस्त के नाम लिखा नोट छोड़ गया था, जिसमें इस घटना को 'हत्या की कोशिश' बताया गया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article