दुनिया

नहीं रहीं दुनिया की 'सबसे बुजुर्ग' महिला Koku Istambulova: क्वीन विक्टोरिया के दौर में हुआ जन्म, स्टालिन का भी झेला था दमन

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Sep 15, 2023, 07:31 PM IST

कोकू का जन्म तब हुआ था जब क्वीन विक्टोरिया ब्रिटेन की गद्दी पर काबिज थीं। रूस के पेंशन रिकॉर्ड्स के मुताबिक, उन्होंने स्टालिन के दमन का सामना भी किया था। स्टालिन की क्रूरता को लेकर उन्होंने कभी पत्रकारों को बताया था कि उन लोगों को तब कहीं आने-जाने नहीं दिया जाता था।

Image

कोकू इस्तामबुलोवा अब इस दुनिया में नहीं हैं। (फाइलः टि्वटर/@Alishishanii)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला कोकू इस्तामबुलोवा (Koku Istambulova) नहीं रहीं। वह 129 साल की थीं और ऐसा माना जा रहा है कि वह इस उम्र तक जीने वाली अब तक की सबसे बुजुर्ग इंसान थीं। ब्रिटिश वेबसाइट 'मिरर' की रिपोर्ट में उनके पोते इलियास अबूबाकारोव के हवाले से बताया गया- वह मजाक कर रही थीं और बात कर रही थीं। इसी बीच, उनकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई और उन्हें तब छाती में दर्द की शिकायत हुई थी।

उन्होंने आगे बताया- हमने डॉक्टर को बुलाया और उन्हें जानकारी दी कि दादी का ब्लड प्रेशर (बीपी) गिर गया है। उन्हें इसके बाद इंजेक्शंस लगाए गए। हालांकि, हम लोग उन्हें बचाने में नाकामयाब रहे। उन्होंने जब प्राण त्यागे तब वह अपने होश में थीं और ईश्वर को याद कर रही थीं।

कोकू के शव को उनके गांव ब्रैट्सको (Bratskoe) में दफनाया गया। वह धर्म से मुसलमान थीं और उनके पासपोर्ट में सिर्फ जन्म के साल का जिक्र है। वह अपने पीछे पांच पोते और 16 पड़पोते छोड़ गईं। कोकू चर्चा में तब आईं जब उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने अपने जीवन का एक दिन भी खुशी-खुशी नहीं बिताया। उन्हें जीवन में दुखों का घुट-घुट कर सामना करना पड़ा था।

कोकू का जन्म तब हुआ था जब क्वीन विक्टोरिया ब्रिटेन की गद्दी पर काबिज थीं। रूस के पेंशन रिकॉर्ड्स के मुताबिक, उन्होंने स्टालिन के दमन का सामना भी किया था। स्टालिन की क्रूरता को लेकर उन्होंने कभी पत्रकारों को बताया था कि उन लोगों को तब कहीं आने-जाने नहीं दिया जाता था।

बकौल कोकू, "ट्रेन से तब लाशें फेंक दी जाती थीं। उन्हें तब दफनाने भी नहीं दिया जाता था और शव को तब कुत्ते खाया करते थे। मेरे ससुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। उन्हें भी ट्रेन से फेंक दिया गया था। उस समय डॉक्टर्स भी नहीं होते थे, ताकि ऐसे लोगों को इलाज मिल सके।"वैसे, दस्तावेजों के हिसाब से मूल रूप से फ्रांस की जिएन कैलमेंट सबसे बुजुर्ग इंसान थीं और वह 122 साल 164 दिन जीवित रही थीं। उनका निधन साल 1997 में हुआ था।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article