Indian Student Missing in California: कर्नाटक सरकार ने विदेश मंत्रालय से अनुरोध किया है कि वह अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता हुए 22 वर्षीय भारतीय छात्र के परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करे, स्थानीय कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करे और सहायता प्रदान करे। इसमें कहा गया है कि कर्नाटक के मूल निवासी और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले का छात्र साकेत श्रीनिवासैया 12 फरवरी की सुबह से बर्कले में लापता है।
कर्नाटक सरकार ने विदेश सचिव को लिखा पत्र
कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री को लिखे पत्र में कहा कि साकेत वर्तमान में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा है। 13 फरवरी को लिखे पत्र में कहा गया है कि साकेत के परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, बर्कले पुलिस विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका है।
स्थिति की गंभीरता और राज्य में रह रहे उनके परिवार की बढ़ती चिंता को देखते हुए, शालिनी ने विदेश मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप और सहायता का अनुरोध किया। रजनीश ने कहा, "विदेश मंत्रालय से अनुरोध है कि सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के माध्यम से स्थानीय कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाए और परिवार को सहायता प्रदान की जाए।"
लापता बेटे से 9 फरवरी को पिता ने की थी बात
संपर्क करने पर साकेत के पिता श्रीनिवासैया ने बताया कि उन्होंने अपने लापता बेटे को ढूंढने में मदद के लिए राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि बेटे से उनकी आखिरी बातचीत नौ फरवरी को हुई थी और बाद में उसके साथ रहने वालों से पता चला कि वह 12 फरवरी की सुबह से लापता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक साकेत का पता नहीं चल सका है।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "हम अभी तक उसका पता नहीं लगा पाए हैं। हम उसके साथ रहने वालों और अन्य लोगों के संपर्क में हैं। हमने अपने बेटे को ढूंढने में मदद के लिए सरकार को पत्र लिखा है।" जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अमेरिका जाएंगे, तो श्रीनिवासैया ने कहा कि वे इस पर विचार कर रहे हैं।
रजनीश को लिखे पत्र में राज्य सरकार से सहयोग और सहायता मांगते हुए साकेत के माता-पिता ने बताया कि उसके साथ रहने वालों ने सभी ज्ञात स्थानों पर खोज की और जब पुष्टि हुई कि वह नहीं मिला, तो उन्होंने बर्कले पुलिस विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
