दुनिया

इजराइल ने तोड़ी हमास की कमर, सैन्य शाखा के सरगना मोहम्मद दीफ को गाजा में किया ढेर, अब किसकी बारी?

इजरायली सेना ने कहा कि खुफिया आकलन के बाद यह पुष्टि की जा सकती है कि हमले में मोहम्मद दीफ को मार गिराया गया है। 1990 के दशक में हमास की सैन्य शाखा, कसम ब्रिगेड के संस्थापकों में से एक दीफ ने दशकों तक यूनिट का नेतृत्व किया था।

Image

इस्माइल हानिया के बाद मो. दीफ भी ढेर

Photo : AP

Mohammed Deif Killed in Gaza: इजरायली सेना ने गाजा में जुलाई में हुए हमले में हमास के सैन्य नेता मोहम्मद दीफ की मौत की पुष्टि की है। इजरायली सेना ने गुरुवार को कहा कि उसने पुष्टि की है कि हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद दीफ जुलाई में गाजा में हवाई हमले में मारा गया था। इजराइल ने 13 जुलाई को दक्षिणी गाजा शहर खान यूनिस के बाहरी इलाके में एक परिसर पर हमला करके दीफ को निशाना बनाया, लेकिन तब दीफ के मारे जाने की तत्काल कोई पुष्टि नहीं हुई थी। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने उस समय कहा था कि हमले में आसपास के टेंटों में रहने वाले विस्थापित नागरिकों सहित 90 से अधिक लोग मारे गए थे।

1990 के दशक में हमास की सैन्य शाखा का प्रमुख था दीफ

गुरुवार को एक बयान में इजरायली सेना ने कहा कि खुफिया आकलन के बाद यह पुष्टि की जा सकती है कि हमले में मोहम्मद दीफ को मार गिराया गया। 1990 के दशक में हमास की सैन्य शाखा, कसम ब्रिगेड के संस्थापकों में से एक दीफ ने दशकों तक यूनिट का नेतृत्व किया। उसकी कमान के तहत हमास ने इजरायलियों के खिलाफ बसों और कैफे में दर्जनों आत्मघाती बम विस्फोट किए और रॉकेटों का एक बड़ा शस्त्रागार बनाया जो इजरायल में गहराई तक हमला कर सकता था और अक्सर करता भी था।

हानिया और दीफ के बाद अब अगला कौन?

बता दें कि इजराइल ने शनिवार को हमास के राजनीतिक शाखा प्रमुख इस्माइल हानिया को ईरान में ही ढेर कर दिया था। हमास के लिए ये बड़ा झटका था, इस बीच मो. दीफ को ढेर किए जाने की खबर भी आ गई जिसने हमास की कमर तोड़ने का काम किया है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि अगली बारी किसकी होगी और हमास का कौन सा बड़ा नेता इजराइल के निशाने पर होगा। हानिया की मौत से ईरान बौखला गया है। ईरान इस हमले का आरोप इजराइल पर लगा रहा है और उसने बदला लेने की धमकी दी है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने तीन ईरानी अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने तेहरान में हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हानिया की हत्या के प्रतिशोध में इज़राइल पर सीधे हमले का आदेश दिया है। ईरान इस हत्या के लिए इजराइल को जिम्मेदार ठहरा रहा है, हालांकि इजराइल ने इससे इनकार किया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article