दुनिया

हानिया की मौत से बौखलाया ईरान, सर्वोच्च नेता खामनेई ने दिए इजराइल पर सीधे हमले के आदेश, रिपोर्ट में दावा

हानिया की मौत की घोषणा के तुरंत बाद ईरान ने बुधवार सुबह देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। अधिकारियों के मुताबिक, खामनेई ने बैठक के दौरान हमले का आदेश दिया।

Image

इस्माइल हानिया की मौत से बौखलाया ईरान

Photo : AP

Ismail Haniyeh killing: हमास के राजनीतिक शाखा प्रमुख इस्माइल हानिया का मौत से ईरान बौखला गया है। ईरान इस हमले का आरोप इजराइल पर लगा रहा है और उसने बदला लेने की धमकी दी है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने तीन ईरानी अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने तेहरान में हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हानिया की हत्या के प्रतिशोध में इज़राइल पर सीधे हमले का आदेश दिया है। ईरान इस हत्या के लिए इजराइल को जिम्मेदार ठहरा रहा है, हालांकि इजराइल ने इससे इनकार किया है।

हानिया की मौत के बाद ईरान की उच्चस्तरीय बैठक

हानिया की मौत की घोषणा के तुरंत बाद ईरान ने बुधवार सुबह देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। अधिकारियों के मुताबिक, खामनेई ने बैठक के दौरान हमले का आदेश दिया। ऐसी मुलाकात असाधारण परिस्थितियों में ही होती है। इससे पहले अप्रैल में सीरिया में इजरायली हवाई हमले में दो शीर्ष ईरानी सैन्य कमांडरों के मारे जाने के बाद इसी तरह की बैठक बुलाई गई थी।

इजराइल ने ईरान को चेताया

इस बीच, इजराइल के चैनल 12 ने बताया कि राजनयिक बैकचैनल के माध्यम से ईरान को संदेश भेजे गए हैं कि अगर ईरान और उसके प्रतिनिधि देश के खिलाफ कोई हमला करते हैं तो इजराइल पूर्ण पैमाने पर युद्ध करने को तैयार है। ईरान और हमास ने इस हत्या के लिए इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है. अब तक, इज़राइल ने हनियेह की हत्या को न तो स्वीकार किया है और न ही इससे इनकार किया है, जो ईरान के नए राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तेहरान में थे।

हत्या का जिक्र किए बिना प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइल किसी भी मोर्चे पर हमारे खिलाफ किसी भी आक्रामकता भरपूर जवाब देगा। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने अपनी रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा कि आगे चुनौतीपूर्ण दिन हैं। हालाकि, इससे पहले गाजा युद्ध की शुरुआत के दौरान इजराइल ने 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले पर इस्माइल हानिया और अन्य हमास नेताओं को मारने की कसम खाई थी।

खामनेई ने कहा, बदला लेना हमारा फर्ज

वहीं, तेहरान में हानिया की हत्या के बाद अयातुल्ला अली खामनेई ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान में कहा कि बदला हमारा फर्ज है और इजराइल ने हमारे प्रिय मेहमान की हत्या करके पने लिए एक कठोर सजा तैयार की है। ईरान और उसके द्वारा समर्थित क्षेत्रीय ताकतें - जिनमें हमास, लेबनान में हिजबुल्लाह, यमन में हौथी और इराक में कई मिलिशिया शामिल हैं खुद को प्रतिरोध के केंद्र के रूप में दर्शाते हैं। इन आतंकी समूहों के नेता ईरान के नए राष्ट्रपति पेजेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मंगलवार को तेहरान में एकत्र हुए थे।

समारोह में भाग लेने और खामनेई के साथ बैठक के बाद हनिया को लगभग 2 बजे (स्थानीय समय) मिसाइल बरसाकर ढेर कर दिया गया। इस हत्या ने ईरानी अधिकारियों को स्तब्ध कर दिया और इसे हद पार करने वाली कार्रवाई बताया। इस बीच, ईरान के सरकारी प्रेस टीवी के अनुसार, अयातुल्ला अली खामनेई गुरुवार को हमास नेता इस्माइल हानिया के लिए अंतिम संस्कार की प्रार्थना का नेतृत्व करेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article