दुनिया

'हिजबुल्लाह के पास अभी भी रॉकेट दागने की क्षमता...', नेतन्याहू बोले- दक्षिणी लेबनान पर बढ़ाएंगे हमलों का दायरा

Israel Lebanon War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दक्षिणी लेबनान पर हमलों का दायरा बढ़ाने की रविवार को घोषणा की। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल लेबनान में 'मौजूदा सुरक्षा पट्टी' का विस्तार करेगा।

Image

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू

Photo : AP

Israel Lebanon War: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दक्षिणी लेबनान पर हमलों का दायरा बढ़ाने की रविवार को घोषणा की। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल लेबनान में 'मौजूदा सुरक्षा पट्टी' का विस्तार करेगा, क्योंकि इजरायली सेना ईरान समर्थित हिजबुल्लाह चरमपंथी समूह को निशाना बनाना जारी रखेगी।

नेतन्याहू ने क्या कुछ कहा?

उत्तरी इजरायल की यात्रा के दौरान नेतन्याहू ने कहा, ''मैंने अभी मौजूदा सुरक्षा क्षेत्र को और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हम उत्तर में हालात को मूल रूप से बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' उन्होंने कहा कि हिजबुल्लाह के पास अब भी हम पर रॉकेट दागने की क्षमता बची हुई है।

उन्होंने बताया कि यह फैसला इजरायल की उत्तरी सीमा पर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लिया गया है, जहां हाल के दिनों में सीमा पार तनाव और झड़पों के कारण क्षेत्रीय स्तर पर बड़े टकराव की आशंका बढ़ गई है। इस बीच, लेबनान में अधिकारियों का कहना है कि ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से संघर्ष में 1,100 से अधिक लोग मारे गए हैं।

हिजबुल्लाह के हमले में इजरायली सैनिक की मौत

इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने रविवार सुबह बताया कि शुक्रवार और शनिवार की रात दक्षिणी लेबनान में सैनिकों पर हिजबुल्लाह के रॉकेट हमले में इजरायल डिफेंस फोर्स का एक सार्जेंट मारा गया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सैनिक की मौत पर दुख जताया है।

पैराट्रूपर्स ब्रिगेड की 890वीं बटालियन के 22 साल के सार्जेंट मोशे यित्जचक काट्ज, कनेक्टिकट के न्यू हेवन में चबाड कम्युनिटी के सदस्य थे। काट्ज के पिता मेंडी ने फेसबुक पर लिखा, ''मेरा बड़ा बेटा, जो जीवन के प्रति उत्साह और हंसी-मजाक से भरा था, मेरा दिल टूट गया है और यह दर्द बेहद गहरा है।''

वहीं इजरायली पीएम ने सैनिक की मौत पर दुख जताते हुए कहा, ''मेरी पत्नी और मैं लेबनान में लड़ाई में शहीद हुए सार्जेंट मोशे यित्जाक हाकोहेन काट्ज के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। मोशे, जिनकी यादें हमेशा रहेंगी, अमेरिका से इजरायल आए थे, पैराट्रूपर्स ब्रिगेड में भर्ती हुए और देश की रक्षा के लिए बहादुरी से लड़े।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article