इजरायल ने शुक्रवार की सुबह ईरान पर बड़ा हमला करते हुए सीधे तेहरान तक निशाना साध दिया। इजरायल ने एक के बाद एक एयर स्ट्राइक और मिसाइल से हमला कर ईरान के परमाणु संयंत्रों, सैन्य ठिकानों और सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया। इस हमले के बाद ईरान ने इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा कि इजरायल को कड़ी सजा दी जाएगी। इसी बीच दोनों देशों के बीच जारी तनाव को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों को सतर्क कर दिया है।
इजरायल को ईरान की धमकी
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने शुक्रवार को कहा कि उनके देश पर हमले के लिए इजरायल को ‘‘कड़ी सज़ा’’ दी जाएगी। ईरान की सरकारी सामाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ ने खामनेई के बयान को जारी किया। इसने पुष्टि की कि हमले में सेना के शीर्ष अधिकारी और वैज्ञानिक मारे गए हैं। खामनेई ने कहा कि उनके देश में हुए इस अपराध में ‘‘इजरायल के शैतानी और रक्त-रंजित हाथ शामिल हैं’’। उन्होंने कहा कि इजरायल ने आवासीय इलाकों पर हमला करके अपनी दुर्भावनापूर्ण प्रकृति को उजागर किया है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी की मौत
इजरायल के हमले में ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी की मौत हो गई। देश के सरकारी टेलीविजन ने अपनी खबर में यह जानकारी दी। टेलीविजन में समाचार प्रस्तोता ने एक बयान पढ़ा जिसमें कहा गया, ‘‘जनरल हुसैन सलामी की हत्या कर दी गई है।’’
भारत ने जारी की एडवाइजरी
ईरान पर इजरायल द्वारा हमला किए जाने के बाद भारतीय दूतावास ने इजरायल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और गैर जरूरी यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। साथ ही ईरान में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को देश में मौजूद भारतीयों को इजराइल के हमलों के बाद सतर्क रहने, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी।
