दुनिया

क्या हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करेगा भारत? इजराइल ने की ये बड़ी मांग

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 26, 2023, 07:58 AM IST

India-Israel on Hamas Attack: इजराइल ने भारत से हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने का आग्रह किया है। नाओर गिलोन ने कहा कि 'हमारे लिए महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं। ये दुनिया के लोकतंत्र हैं। मुझे लगता है कि भारत द्वारा हमास को आतंकवादी संगठन के रूप में घोषित करने का समय आ गया है।'

Image

इजराइल ने भारत से हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने का आग्रह किया।

Israel Urged India: भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने बुधवार को कहा कि भारत के लिए समय आ गया है कि वह अन्य कई देशों की तरह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे। इजराइली राजदूत ने पत्रकारों से बातचीत में हमास के खिलाफ आतकंवाद-रोधी अभियानों में इजराइल का समर्थन करने के लिए भारत के प्रति आभार भी प्रकट किया।

इजराइल ने भारत से किया ये कदम उठाने का आग्रह

गिलोन ने कहा कि इजराइल ने सात अक्टूबर को हुए बर्बर हमले के बाद संबंधित भारतीय प्राधिकारियों से हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को पहले भी उठाया जा चुका है। गिलोन ने प्रेस वार्ता में कहा, 'हमारे लिए महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं। ये दुनिया के लोकतंत्र हैं। ऐसा कहने के बाद...मुझे लगता है कि भारत द्वारा हमास को आतंकवादी संगठन के रूप में घोषित करने का समय आ गया है।'

नरेंद्र मोदी के कदम को लेकर इजराइल ने क्या कहा?

इजराइली राजदूत ने कहा कि अमेरिका, कनाडा सहित कई देश और यूरोपीय संघ पहले ही हमास को आतंकवादी संगठन घोषित कर चुका है। राजदूत नाओर गिलोन ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन शुरुआती वैश्विक नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने आतंकवादी हमले की निंदा की। भारत दुनिया में एक बहुत ही महत्वपूर्ण नैतिक पहचान वाला देश है और हमारे लिए महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं।' उन्होंने कहा, 'भारत के लिए यही समय है कि वह हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करे।'

इजराइल ने हमास को खत्म करने का लिया है संकल्प

सात अक्टूबर को गाजा से हमास के चरमपंथियों ने इजराइल के खिलाफ जबरदस्त और विभिन्न मोर्चों से हमला कर दिया था, जिसके बाद से संघर्ष जारी है। इजराइल ने भी बदला लेने के इरादे से गाजा पर भीषण जवाबी हमला किया है। नाओर गिलोन ने कहा, 'इजराइल के लिए यह पश्चिम एशिया में अस्तित्व बचाने का युद्ध है।' उन्होंने कहा कि इजराइल हमास को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article