Israel-Iran War: ईरान की ओर से इजराइल पर मिसाइल दागे जाने के बाद दोबारा युद्ध का खतरा मंडराने लगा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हुए हमले के प्रतिशोध में इजरायली ठिकानों पर मिसाइलों की बौछार करने के कुछ घंटों बाद, इजरायल ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले किए। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी मीडिया ने सोमवार तड़के बताया कि ईरान के तेहरान, तबरीज और इस्फहान में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: फिर महायुद्ध की आहट! सीजफायर के बाद ईरान का इजरायल पर बड़ा मिसाइल हमला
पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमला
इजराइल का कहना है कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। इजराइल रक्षा बलों (IDF) ने टेलीग्राम पर लिखा, "कुछ देर पहले, इजराइली वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आतंकी शासन से संबंधित सैन्य ठिकानों पर हमला किया।" हताहतों या हमलों के सटीक स्थान के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली हमले के बाद ईरान ने तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।
आईडीएफ का अभियान जारी
जनरल स्टाफ के प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर, वायु सेना कमांडर, मेजर जनरल ओमर तिशलर और वरिष्ठ आईडीएफ अधिकारी पिछले कुछ घंटों से वायु सेना संचालन केंद्र से ईरान में स्थिति का निरंतर आकलन कर रहे हैं और आईडीएफ हमलों का नेतृत्व कर रहे हैं। आईडीएफ हाई अलर्ट पर है और इजराइल को धमकी देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सभी क्षेत्रों में अभियान जारी रखने के लिए तैयार है।
ईरान ने इजराइल पर मिसाइल दागी
बता दें कि मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद पहली बार ईरान ने इजरायल पर मिसाइल हमला किया है जिससे क्षेत्र में एक बार फिर बड़े संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। साथ ही शांति वार्ताओं को भी मुश्किल बना दिया है। इस हमले के बाद इराक और सीरिया ने अपने एयरस्पेस बंद कर लिए हैं।
ईरान के सरकारी मीडिया ने मिसाइल दागे जाने की पुष्टि की है। साथ ही ईरान ने जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए अपने पश्चिमी हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। ईरान का कहना है कि यह हमला इजरायल द्वारा लेबनान की राजधानी बेरूत के कुछ इलाकों पर किए गए हवाई हमले के जवाब में किया गया है।
इजरायल ने दी थी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
मिसाइल हमले के बाद इजरायल के कई इलाकों में सायरन बजने लगे और लाखों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। इजरायल की सेना ने दावा किया कि उसने अधिकांश मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। हालांकि उत्तरी इजरायल में कई क्षेत्रों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इजरायली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने इस हमले को ईरान की 'गंभीर गलती' बताते हुए कहा है कि जरूरत पड़ने पर इसका जवाब दिया जाएगा। वहीं सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ऐयाल जामिर ने कहा कि आदेश मिलते ही ईरान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
