दुनिया

ईरान पर आसमान से बरपा अमेरिकी कहर, 14 लोगों ने तोड़ा दम; तेहरान-मशहद ट्रेन सेवा ठप, IRGC के तीन सैनिकों की भी मौत

US Iran Conflict: होर्मुज में तीन वाणिज्यिक जहाजों पर हमले के बाद अमेरिका ने नए सिरे से ईरान के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। ईरान के मुताबिक, बीते दो दिनों में अलग-अलग हमलों में 14 लोगों की मौत हो गई।

Image

ईरान पर अमेरिका ने बरपाया कहर (फाइल फोटो)

US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। ईरान पर दो दिनों में हुए अमेरिकी हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 78 घायल बताए जा रहे हैं।

ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते दो दिनों में देश के पांच अलग-अलग प्रांतों पर हुए हमलों में 14 लोगों की मौत हुई। यह हमले ऐसे समय पर हुए जब ईरानी सेना ने कुवैत, कतर और बहरीन पर मिसाइलें दागीं।

रेलवे ब्रिज को बनाया गया निशाना

सरकारी मीडिया के मुताबिक, ईरान के पवित्र शहर मशहद के पास एक रेलवे ब्रिज को निशाना बनाया गया। बकौल रिवोल्यूशनरी गार्ड, मशहद जाने वाले रास्ते पर दो ब्रिजों पर हमला किया गया, जहां गुरुवार को दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई को दफनाने की योजना बनाई जा रही है। बकौल रिपोर्ट्स, अमेरिका ने इन रेलवे ब्रिज पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया।

पैसेंजर ट्रेन सेवा ठप

इन हमलों के चलते तेहरान-मशहद के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन सेवा पूरी तरह से ठप हो गई। इस रूट को ईरान के सबसे व्यस्त रूटों में से एक माना जाता है, जिस पर हर साल लाखों यात्री सफर करते हैं।

IRGC के तीन सैनिकों की भी मौत

तेहरान की मिजान न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरान पर किए गए अमेरिकी हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के तीन सदस्य मारे गए।

तेजी से चल रहा मरम्मत का काम

खोरासान रेलवे के प्रवक्ता जावद मेराज-फार ने बताया, ''मरम्मत के लिए मौके पर टीमों को भेजा गया है और रूट को जल्द बहाल करने की कोशिश जारी है। फंसे यात्रियों के लिए सड़क मार्ग से आवाजाही का इंतजाम किया जा रहा है।'' ईरानी रेलवे ने इस हमले के लिए अमेरिका-इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है।

यह हमला ऐसे मौके पर हुआ जब शहर में दिवंगत नेता खामेनेई की अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शहर में लाखों लोग मौजूद हैं। इमाम रजा दरगाह की तरफ जाने वाली सड़कें पूरी तरह जाम हैं और भीड़ नारेबाजी करते हुए बदले की मांग कर रही है।

बुशेहर परमाणु संयंत्र के पास हमला

ईरान के एक अधिकारी ने अमेरिका पर बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निकट हवाई हमला करने का आरोप लगाया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने तत्काल इस दावे की पुष्टि नहीं की। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'आईआरएनए' ने बुशेहर के स्थानीय अधिकारी एहसान जहानियान के हवाले से कहा कि अमेरिका ने देश के एकमात्र परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निकट हवाई हमला किया। यह हमला दोपहर में हुआ। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि अमेरिकी सेना की 'सेंट्रल कमांड' द्वारा ईरान पर अपने हमले समाप्त करने की घोषणा किए जाने के कुछ घंटे बाद हमले हुए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article