दुनिया

सऊदी सहित इन देशों पर कहर बरपाएगा ईरान, संभावित लक्ष्यों की जारी की लिस्ट; कतर ने इजरायल को बताया जिम्मेदार

West Asia Conflict: ईरान ने अपने 'गैस फील्ड' पर हमले के बाद कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को हमले की धमकी दी है। इजरायल के खिलाफ जारी युद्ध के दौरान ईरान पहले भी इस तरह की धमकियां दे चुका है।

Image

गैस संयंत्र पर हमले के बाद बदले के लिए तैयार ईरान

Photo : AP

West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में सैन्य तनाव गहराता जा रहा है। ईरान की ऊर्जा और गैस सुविधाओं पर हुए हमले के बाद सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर सहित अन्य देशों को पलटवार का डर सता रहा है। दरअसल, ईरानी सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि वह कतर, सऊदी अरब और यूएई में तेल और गैस के बुनियादी ढांचे पर हमला करेगा।

इजरायल के खिलाफ जारी युद्ध के दौरान ईरान पहले भी इस तरह की धमकियां दे चुका है। ईरान ने विशेष रूप से सऊदी अरब की 'समरेफ रिफाइनरी' और उसके 'जुबैल पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स' को निशाना बनाने की धमकी दी है। उसने यूएई के 'अल हसन गैस फील्ड' और कतर में स्थित पेट्रोकेमिकल संयंत्रों तथा एक रिफाइनरी पर भी हमले की धमकी दी है।

ईरान कहां-कहां कर सकता है हमला

  • सऊदी अरब की 'समरेफ रिफाइनरी'
  • यूएई के 'अल हसन गैस फील्ड'
  • सऊदी अरब के जुबैल का पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स
  • कतर की मेसाईद पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स और मेसाईद होल्डिंग कंपनी
  • कतर का रास लफान रिफाइनरी (फेज 1 और 2)

कतर ने इजरायल को घेरा

अपतटीय साउथ पार्स क्षेत्र में हमले के बाद कतर ने इजरायल को जिम्मेदार ठहराया और इसे 'खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना' कदम करार दिया। कतर ने कहा कि ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमला न सिर्फ वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि इससे क्षेत्र के लोगों और पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

ईरान की गैस संयंत्रों पर भीषण हमला

ईरान के विशाल अपतटीय साउथ पार्स क्षेत्र में प्राकृतिक गैस संयंत्रों पर बुधवार को हमला हुआ। ईरान के सरकारी टेलीविजन और सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' ने देश के दक्षिणी बुशहर प्रांत के असलुयेह में स्थित संयंत्रों को निशाना बनाकर किए गए हमले की खबर दी। हालांकि, हमले से जुड़ा विवरण साझा नहीं किया।

ईरान और कतर फारस की खाड़ी में स्थित अपतटीय तेल क्षेत्र साझा करते हैं। ईरान ने युद्ध के दौरान अन्य खाड़ी देशों के साथ ही कतर पर कई बार हमले किए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला अमेरिका ने किया या इजरायल ने, लेकिन अमेरिका मुख्य रूप से दक्षिणी ईरान को निशाना बना रहा है। अमेरिका ने इससे पहले फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के मुख्य तेल टर्मिनल, खार्ग द्वीप पर हमला किया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!