Iran US Ceasefire: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के साथ-साथ 'जुबानी जंग' (वॉकयुद्ध) भी अपने चरम पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आए दिन जहां ईरान को लेकर बातचीत सहित विभिन्न प्रकार के दावे कर रहे हैं तो वहीं तेहरान बिनी किसी देरी के पलटवार करते हुए ट्रंप के तमाम दावों को सिरे से नकार रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को एक बार फिर तेहरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि ईरान के राष्ट्रपति हमसे युद्धविराम (Ceasefire) की अपील कर रहे हैं।
ईरान ने ट्रंप के दावे को बताया झूठा
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने तेहरान द्वारा कथित तौर पर युद्धविराम की मांग करने के संबंध में ट्रंप के बयानों को 'झूठा और निराधार' बताया। इसके अतिरिक्त, ईरान के अर्धसैनिक बल 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' ने भी इस मुद्दे को लेकर अलग से एक बयान जारी किया। रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) पूरी तरह और मजबूती से हमारे नियंत्रण में है।
दुश्मनों के लिए नहीं खुलेगा होर्मुज
उन्होंने आगे कहा, "अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा किए जा रहे हास्यास्पद तमाशे के माध्यम से इस जलडमरूमध्य को इस राष्ट्र के शत्रुओं के लिए नहीं खोला जाएगा।"
दरअसल, ट्रंप ने अपने हालिया बयाने में ईरानी राष्ट्रपति को अधिक बुद्धिमान बताते हुए तेहरान को सशर्त चेतावनी दी। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका सीजफायर पर तभी विचार करेगा जब होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोला जाएगा और वह स्वतंत्र और सुरक्षित होगा।
क्या पीछे हटेंगे ट्रंप?
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि अगर उन्हें विश्वास हो जाता है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा, तो वह दो से तीन सप्ताह में युद्ध से पीछे हट सकते हैं, भले ही तेहरान युद्धविराम के लिए सहमत न हो। बुधवार को कतर के तट के निकट एक क्रूज मिसाइल तेल टैंकर से टकरा गई। सरकारी स्वामित्व वाली कतर एनर्जी द्वारा अनुबंधित इस टैंकर के 21 सदस्यीय चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
