US Iran War: ईरान युद्ध के बीच कई ऐसे ठिकानों पर हमले किए जा रहे हैं, जिसका इस जंग से कोई वास्ता ही नहीं है। इस जंग में अब यूनिवर्सिटी को भी निशाना बनाया जा रहा है। ईरान की राजधानी तेहरान स्थित एक यूनिवर्सिटी की इमारत पर हमला किया।
इस हमले का जवाब देते हुए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने दोहराया कि अगर देश के इंफ्रास्ट्रक्चर या आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाया गया, तो तेहरान इसका कड़ा जवाब देगा। वहीं, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने चेतावनी दी है कि पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी और इजरायली विश्वविद्यालय अब “वैध सैन्य लक्ष्य” हो सकते हैं।
अमेरिकी-इजरायली संस्थानों को निशाना बनाएगा ईरान
ईरान का कहना है कि उसके विश्वविद्यालयों, खासकर तेहरान के वैज्ञानिक संस्थानों पर हमले किए गए हैं, जिन्हें वह अपनी वैज्ञानिक क्षमता को कमजोर करने की कोशिश मानता है। इसी के जवाब में अब ईरान ने सख्त रुख अपनाते हुए संकेत दिया है कि वह अमेरिकी और इजरायली संस्थानों को भी निशाना बना सकता है।
आईआरजीसी ने न सिर्फ चेतावनी दी बल्कि एहतियात के तौर पर लोगों को भी अलर्ट किया है। ईरान ने अमेरिकी और इजरायली यूनिवर्सिटी के आसपास रहने वाले लोगों, छात्रों और स्टाफ को इन परिसरों से कम से कम एक किलोमीटर दूर रहने की सलाह दी है।
खंडहर में बदल गया यूनिवर्सिटी
शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में तेहरान स्थित ईरान यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी परिसर तहस नहस दिखाई दे रहा है। वीडियो में यूनिवर्सिटी परिसर में फैला मलबा और नुकसान साफ दिखाई दे रहा है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक यह नुकसान अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद हुआ है। दिखाई दे रहे वीडियो में यूनिवर्सिटी की इमारतें क्षतिग्रस्त नजर आ रही हैं और घटनास्थल पर चिंगारियां और धुआं उठता दिख रहा है। वीडियो में एक शख्स भी दिख रहा है जो सर्चलाइट से मलबे को देख रहा है।
