दुनिया

पत्नी और बेटे के सामने कुल्हाड़ी से काट दी गर्दन... अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या

अमेरिका के टेक्सास में भारतीय मूल के 50 वर्षीय होटल प्रबंधक चंद्र मौली ‘बॉब’ नागमल्लैया की हत्या कर दी गई। यह घटना खराब वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई, जब सहकर्मी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज ने उन पर चाकू से हमला किया और उनकी पत्नी व बेटे के सामने ही सिर कलम कर दिया। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। दोषी साबित होने पर उसे उम्रकैद या मौत की सजा हो सकती है।

Image

50 वर्षीय भारतीय मूल के होटल प्रबंधक का उसकी पत्नी और बेटे के सामने सिर कलम कर दिया गया।(फोटो सोर्स: nris_adda X)

Indian Origin Man Killed In US: अमेरिका के टेक्सास राज्य में वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद 50 वर्षीय भारतीय मूल के होटल प्रबंधक का उसकी पत्नी और बेटे के सामने सिर कलम कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना बुधवार सुबह डलास के ‘डाउनटाउन सुइट्स’ होटल में हुई।

खराब वॉशिंग मशीन को लेकर हुआ था विवाद

डलास पुलिस विभाग के अनुसार, मूल रूप से कर्नाटक निवासी चंद्र मौली ‘बॉब’ नागमल्लैया की, उसके सहकर्मी योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज के साथ खराब वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या कर दी गई। कोबोस-मार्टिनेज (37) कथित तौर पर उस समय आपा खो बैठा, जब नागमल्लैया ने उससे सीधे बात करने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति से उनके निर्देशों का अनुवाद करने को कहा।

कोबोस-मार्टिन का रहा है आपराधिक इतिहास

सीसीटीवी फुटेज में कोबोस-मार्टिनेज को एक चाकू निकालते और नागमल्लैया पर हमला करते हुए देखा गया है इसके बाद पीड़ित होटल कार्यालय की ओर भागा, जहां उसकी पत्नी और 18 वर्षीय बेटा मौजूद थे, लेकिन संदिग्ध ने उनका पीछा किया और नागमल्लैया को उनकी पत्नी और बेटे द्वारा बचाए जाने के प्रयासों के बावजूद फिर हमला किया। कोबोस-मार्टिन का ह्यूस्टन में पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें वाहन चोरी और हमले के लिए गिरफ़्तारियां शामिल हैं।

अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे बिना पैरोल के उम्रकैद या मौत की सजा सुनायी जा सकती है। दोस्तों और परिवार के बीच बॉब के नाम से मशहूर नागमल्लैया को उनके प्रियजनों ने श्रद्धांजलि दी। उनके मित्रों ने कहा, ‘‘यह अकल्पनीय त्रासदी है और बेहद दर्दनाक घटना है।’’ नागमल्लैया के मित्र, परिवार और स्थानीय भारतीय पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article