दुनिया

IMEE कॉरिडोर हो सकता है इजराइल पर हमास के हमले की बड़ी वजह, बाइडन का बड़ा बयान

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Oct 26, 2023, 05:51 PM IST

नई दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, फ्रांस, जर्मनी, इटली और यूरोपीय संघ ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे की स्थापना के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे।

Image

जो बाइडन

Photo : ANI

Joe Biden on Hamas Attack:अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने संकेत दिया है कि इजराइल पर हमास के 7 अक्टूबर के हमले के पीछे एक वजह भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (India-Middle East-Europe Economic Corridor) की हालिया घोषणा हो सकती है। इसके तहत पूरे क्षेत्र को रेल, सड़क और बंदरगाहों के नेटवर्क के साथ एकीकृत करने की योजना है। बाइडन ने कहा, मैं इस बात से आश्वस्त हूं कि हमास के हमले का यह भी एक कारण था, लेकिन मेरे पास इसका कोई सबूत नहीं है, बस मेरी अंतरात्मा मुझे यह बता रही है। यह हमला उस वजह से था जिसमें हम इजराइल के लिए क्षेत्रीय एकीकरण की दिशा में काम कर रहे थे। उस काम को छोड़ा नहीं जाना चाहिए।

बाइडन-अल्बानीज की प्रेस कांफ्रेंस

अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार (अमेरिकी स्थानीय समय) पर ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह टिप्पणी की। नई दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, फ्रांस, जर्मनी, इटली और यूरोपीय संघ ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे की स्थापना के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। यह गलियारा एशिया, पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व और यूरोप के बीच बढ़ी हुई कनेक्टिविटी और आर्थिक एकीकरण के जरिए आर्थिक विकास को आगे बढ़ाएगा।

आर्थिक गलियारे से कई फायदे

भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे में दो अलग-अलग गलियारे होंगे, पूर्वी गलियारा भारत को पश्चिम एशिया/मध्य पूर्व से जोड़ेगा और उत्तरी गलियारा पश्चिम एशिया/मध्य पूर्व को यूरोप से जोड़ेगा। इसमें एक रेल लाइन शामिल होगी, जो पूरा होने पर भारत के जरिए दक्षिण पूर्व एशिया के बीच सामान और सेवाओं के ट्रांसशिपमेंट को बढ़ाने वाले मौजूदा मल्टी-मॉडल परिवहन मार्गों का नेटवर्क प्रदान करेगी। बाइडन ने हाल ही में गलियारे की सराहना करते हुए कहा था कि यह परियोजना दो महाद्वीपों में निवेश के अवसर बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि रेल बंदरगाह परियोजना अधिक टिकाऊ, एकीकृत मध्य पूर्व के निर्माण की कोशिशों का हिस्सा है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!