दुनिया

भारत महान देश, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं- शर्म अल शेख में वैश्विक नेताओं के सामने बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना उनकी प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘भारत महान देश है, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं।’’

Image

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने शर्म अल-शेख में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की मुलाकात (फोटो- MEA)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को मिस्र के शर्म अल शेख में आयोजित वैश्विक शांति सम्मेलन के दौरान भारत की प्रशंसा करते हुए कहा कि "भारत एक महान देश है, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं।" हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को मोदी की ओर स्पष्ट इशारा माना जा रहा है। इससे पहले ट्रंप और इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह के बीच मुलाकात भी हुई।

शरीफ के सामने भारत की तारीफ

यह सम्मेलन गाजा में इजराइल और हमास के बीच लगभग दो वर्षों से जारी संघर्ष के बाद हुए युद्धविराम समझौते के संदर्भ में आयोजित किया गया था। ट्रंप ने इस मौके पर भारत-पाकिस्तान के रिश्तों को लेकर भी सकारात्मक टिप्पणी की और उम्मीद जताई कि दोनों देश "बहुत अच्छी तरह से एक साथ रहेंगे।" उन्होंने यह बात तब कही जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ उनके पीछे मंच पर मौजूद थे। अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा, “भारत एक महान देश है और मेरे बहुत अच्छे मित्र उसका नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने शानदार काम किया है। मुझे लगता है कि पाकिस्तान और भारत साथ मिलकर बहुत अच्छे से रहेंगे।”

राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह सम्मेलन में रहे मौजूद

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने शर्म अल-शेख में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अब्दुल फतह अल-सीसी की सह-मेजबानी में आयोजित गाजा शांति शिखर सम्मेलन में भाग लिया। भारत इस ऐतिहासिक शांति समझौते पर हस्ताक्षर का स्वागत करता है और आशा करता है कि इससे क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित होगी। यह संवाद और कूटनीति के प्रति भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।"

पीएम मोदी ने किया था ट्रंप के प्रयासों का समर्थन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गाजा पट्टी में इजराइल के सभी 20 बंधकों की रिहाई का स्वागत किया और कहा कि भारत क्षेत्र में शांति लाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के “ईमानदार प्रयासों” का समर्थन करता है। मोदी की यह टिप्पणी राष्ट्रपति ट्रंप और कई अन्य वैश्विक नेताओं द्वारा मिस्र के लाल सागर रिसॉर्ट शहर शर्म अल-शेख में 'शांति सम्मेलन' में भाग लेने से कुछ घंटे पहले आई थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article