इजराइल-ईरान संघर्ष के समय अमेरिका और ईरान के बीच भी तनातनी हो गई थी। अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला बोला था, इसके जवाब में ईरान ने कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस पर मिसाइल से हमला बोला था। तब कहा गया कि अमेरिकी बेस को नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन अब जो सैटेलाइट तस्वीरें आईं हैं, उससे साफ पता चला है कि अमेरिकी बेस को नुकसान पहुंचा था।
‘जियोडेसिक डोम' को पहुंचा नुकसान
एपी के अनुसार कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के हमले से संभवतः एक ‘जियोडेसिक डोम’ को नुकसान पहुंचा है, जिसमें अमेरिकी सेना द्वारा सुरक्षित संचार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण रखे हुए थे। सामने आईं उपग्रह तस्वीरों से यह संकेत मिलता है। अमेरिकी सेना और कतर ने नुकसान पर टिप्पणी के अनुरोधों का तुरंत जवाब नहीं दिया है।
अमेरिका ने विमानों को लिया था हटा
ईरानी हमले से बहुत कम क्षति हुई क्योंकि, संभवत: अमेरिका ने हमले से पहले ही अपने विमानों को वहां से हटाकर अमेरिकी सेना की मध्य कमान के मुख्यालय में पहुंचा दिया था। उपग्रह तस्वीरों में हमले से आग लगने के बाद के निशान और ‘जियोडेसिक डोम’ के तबाह होने का पता चलता है। पास की एक इमारत पर भी कुछ नुकसान दिखाई दे रहा है। तस्वीरों में एयरबेस का बाकी हिस्सा अधिक प्रभावित नहीं दिख रहा है।
