यमन के ताइज प्रांत में एक बाजार को निशाना बनाकर किए गए हमले में कम से कम सात लोगों की मौत और 40 लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। ईरान समर्थित हूतियों ने इस हमले के लिए सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकारी बलों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, सरकारी सूत्रों का दावा है कि हमला पास स्थित हूती शिविर को निशाना बनाकर किया गया था।
बाजार पर हमले का हूतियों ने लगाया आरोप
हूती नियंत्रित सैटेलाइट न्यूज चैनल अल-मसीरा टीवी ने हमले के दौरान क्षतिग्रस्त हुए बाजार और मलबे की फुटेज प्रसारित की। हूती संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबाही ने बताया कि हमला ताइज के ताइजियाह जिले में माविया चौराहे के पास स्थित एक बाजार की दुकानों पर हुआ। उनके मुताबिक, हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है, जबकि 40 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने घटना से जुड़ी अन्य जानकारी नहीं दी। वहीं दूसरी ओर, यमनी सरकार से जुड़े सूत्रों ने हमले को लेकर अलग दावा किया है। उनके मुताबिक, बाजार के पास मौजूद एक हूती शिविर को निशाना बनाया गया था। सरकार के मुताबिक, हूतियों ने हाल में बाजार के पास यह शिविर स्थापित किया था।
सऊदी अरब पर बढ़ें हूतियों के हमले
ताइज में यह हमला उस समय हुआ है जब सऊदी अरब और हूती समूह के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, हमले से एक दिन पहले उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रियाद की ओर भेजे गए दो ड्रोन को निष्क्रिय किया था। इसके अलावा दक्षिणी सऊदी अरब के खमीस मुशैत की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी रोकने का दावा किया गया। इसके बाद खमीस मुशैत और अबहा में रात के समय हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई। इससे पहले इस महीने हूतियों ने रियाद में मिसाइल और ड्रोन से ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। सऊदी अधिकारियों ने उस समय भी आने वाले हमलों को रोकने की बात कही थी।
