दुनिया

ईरान युद्ध के बीच कतर में हेलीकॉप्टर हादसा, सात की मौत; लापता पायलट के मारे जाने की हुई पुष्टि

मध्य एशिया में चल रहे टकराव के बीच कतर में हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है।

Image

कतर में हेलीकॉप्टर हादसा (प्रतीकात्मक फोटो:istock)

पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच कतर से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। कतर के क्षेत्रीय जल में हुए एक हेलीकॉप्टर हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है। हादसे में पहले ही छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी। वहीं अब कतर ने लापता पायलट के भी मारे जाने की पुष्टि कर दी है। कतर के गृह मंत्रालय ने रविवार को बताया कि हादसा एक दिन पहले हुआ था। यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है,जब पूरे खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण सैन्य गतिविधियां और सतर्कता काफी बढ़ गई है। फारस की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में लगातार गश्त,निगरानी और सैन्य मिशन चल रहे हैं, जिससे जोखिम भी बढ़ गया है।

लापता पायलट की भी मौत

वहीं, हेलीकॉप्टर दुर्घटना में लापता पायलट को लेकर कतर ने बड़ा अपडेट जारी किया है। कतर के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि कतर सशस्त्र बलों के कैप्टन (पायलट)सईद नासिर स्मेइख की रविवार तड़के देश की समुद्री सीमा में एक परिवहन हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

चालक दल और कर्मियों के लिए खोज और बचाव अभियान पूरा होने के बाद यह पुष्टि की गई। अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के कारणों के बारे में और अधिक जानकारी जारी नहीं की है। मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें शक्ति और हिम्मत प्रदान करने की प्रार्थना की।

हादसे में एक तुर्की सैनिक की भी मौत

कतर के रक्षा मंत्रालय ने प्रारंभिक जांच में हेलीकॉप्टर दुर्घटना के लिए तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि हादसे की असली वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। गृह मंत्रालय ने मृतकों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। वहीं, तुर्की के रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस हादसे में एक तुर्की सैनिक और दो ASELSAN (तुर्की की रक्षा कंपनी) के तकनीशियन भी मारे गए हैं। इसके अलावा चार कतर के सैनिकों की मौत की भी पुष्टि हुई है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article