Ali Khamenei Funeral: ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का जनाजा गुरुवार को पवित्र शहर मशहद पहुंचा, जहां उन्हें इमाम रजा की दरगाह में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक, अली खामेनेई के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।
मशहद में उमड़ा जनसैलाब
भारी भीड़ को देखते हुए खामेनेई के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग के बजाय हवाई मार्ग से इमाम रज़ा दरगाह तक ले जाया गया। सरकारी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में मशहद की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखी गई। अंतिम यात्रा के दौरान कई लोगों के हाथों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरोध में बैनर भी देखे गए।
मुजतबा खामेनेई जनाजे में होंगे शामिल?
वहीं, सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना बेहद कम है। रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया गया कि आईआरजीसी ने सुरक्षा कारणों से उन्हें सार्वजनिक समारोहों से दूर रहने की सलाह दी है।
बकौल रिपोर्ट, मोजतबा खामेनेई सुपुर्द-ए-खाक समारोह में भी संभवत: शामिल नहीं होंगे। हालांकि, ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अंतिम संस्कार में खामेनेई के परिवार के सदस्य मौजूद रहेंगे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि कौन-कौन शामिल होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: होर्मुज में नए सिरे से तनाव, इस्लामाबाद वार्ता से पहले US-ईरान फिर भिड़े; क्या अटक जाएगी बात?
सनद रहे कि अली खामेनेई की इसी साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में मौत हो गई, जिसके बाद पश्चिम एशिया में व्यापक तनाव और संघर्ष देखने को मिला। पिछले कुछ महीनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए 14 सूत्रीय समझौता हुआ था, लेकिन हालिया हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम और बातचीत की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है।
