एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने खुलासा किया है कि एजेंसी ने अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर उत्तरी कैरोलिना में नए साल की पूर्व संध्या पर आईएसआईएस से प्रेरित आतंकवादी हमले को विफल कर दिया। पटेल ने एक्स पर लिखा ''@FBI और सहयोगियों ने ISIS से प्रेरित एक व्यक्ति द्वारा किए जाने वाले एक और संभावित नए साल की पूर्व संध्या के हमले को विफल कर दिया। @FBICharlotte जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिक जानकारी के साथ बात करेगी। हमारे महान सहयोगियों को हमारे साथ काम करने और निस्संदेह जान बचाने के लिए धन्यवाद।'
आईएसआईएस से प्रेरित था आरोपी
एफबीआई शार्लोट के एक बयान में कहा गया, 'एफबीआई और हमारे कानून प्रवर्तन सहयोगियों ने उत्तरी कैरोलिना में नए साल की पूर्व संध्या पर एक संभावित आतंकवादी हमले को विफल कर दिया। आरोपी सीधे तौर पर आईएसआईएस से प्रेरित था।'
किराने की दुकान पर थी हमले की योजना
फॉक्स न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, हमले की योजना कथित तौर पर एक 18 वर्षीय युवक ने बनाई थी, जिसने शार्लोट, उत्तरी कैरोलिना में एक किराने की दुकान पर हमला करने का इरादा किया था। संदिग्ध ने उन व्यक्तियों से संपर्क किया जिन्हें उसने आईएसआईएस सदस्य समझा था। वास्तव में, वे गुप्त एजेंट थे।
एक वर्ष से बना रहा था हमले की योजना
रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी की साजिश नए साल पर US को दहलाने की थी। पश्चिमी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी रसेल फर्ग्यूसन ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि स्टर्डिवेंट पिछले लगभग एक वर्ष से हमले की योजना बना रहा था। वह एक ग्रॉसरी स्टोर और फास्ट फूड रेस्तरां में चाकू और हथौड़ों से हमला करने की तैयारी कर रहा था। फर्ग्यूसन ने कहा, 'वह जिहाद करने की तैयारी कर रहा था और निर्दोष लोगों की हत्या करने वाला था। वह खुद को ISIS का सैनिक मानता था और शहादत की योजना बना रहा था।' आतंकी साजिश नाकाम करने के लिए काश पटेल ने एजेंसी की सराहना की है।
