Earthquake in Japan: नए साल के पहले दिन जापान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, उत्तर-मध्य जापान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की तीव्रता इतनी तेज थी कि लोगों को काफी देर तक झटके महसूस हुए, इसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। उधर, जापान में भूकंप के बाद सुनामी का भी अलर्ट जारी किया गया है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इशिकावा, निगाटा और टोयामा प्रांतों के पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की है। जारी चेतावनी में कहा गया है कि समुद्र की लहरें पांच मीटर तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में लोगों से तुरंत ऊंचे स्थानों या फिर इमारतों की ऊंची मंजिलों की ओर जाने को कहा गया है, जिससे नुकसान से बचा जा सके।
घरों को खाली करने की अपील
जापान में भूकंप आने के साथ ही समुद्र का वाटर लेवल भी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। ऐसे में समुद्र के किनारे रह रहे लोगों से घर को तुरंत खाली करने को कहा गया है। उधर, भूकंप के झटके टोक्यो और पूरे कांटो इलाके में महससू किए गए हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। अभी तक जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। एनएचके के मुताबिक, जापान के पश्चिमी तट पर निगाटा और अन्य क्षेत्रों में लगभग तीन मीटर ऊंची सुनामी आने की आशंका जताई गई। इसके अनुसार, समुद्र तट पर कम ऊंचाई की सुनामी लहरें पहले ही दर्ज की गई हैं। भूकंप प्रभावित क्षेत्र में स्थित एक परमाणु संयंत्र ‘तोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी’ ने कहा कि संयंत्र में अब तक किसी तरह की संचालन संबंधी दिक्कत सामने नहीं आई है।
2011 में हुई थीं 16 हजार मौतें
बता दें, जापान में सबसे ज्यादा भूकंप आते हैं। यहां मार्च, 2011 में नौ तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। इसके बाद देश ने सुनामी का कहर भी झेला। समुद्र की लहरों ने फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को तबाह कार दिया था। इस दौरान समुद्र में 10 मीटर ऊंची लहरें देखी गई थीं, जिसने कई शहरों को तबाह कर दिया था। इस प्राकृतिक आपदा में करीब 16 हजार लोगों की मौत हो गई थी।
