Donald Trump’s Facial Droop : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों अपने टैरिफ की वजह से चर्चा में तो हैं ही। बीते कुछ समय से अपने स्वास्थ्य को लेकर भी वह सुर्खियों में रहने लगे हैं। ट्रंप के स्वास्थ्य से ताजा मामला 9/11 मेमोरियल समारोह से जुड़ा है। यहां कार्यक्रम में अमेरिका की पहली महिला और पत्नी मेलानिया के साथ नजर आए ट्रंप के चेहरे को देख सोशल मीडिया में उन्हें स्ट्रोक आने की आशंका जताई जाने लगी।
मुंह का हिस्सा दाहिने तरफ झुका पाया
कुछ लोगों ने समारोह के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप के मुंह के हिस्से को दाहिने तरफ कुछ ज्यादा झुका हुआ पाया। इसे देखकर सोशल मीडिया में उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगने लगीं। सोशल मीडिया में कई लोगों ने ट्रंप को हल्का स्ट्रोक अथवा टीआईए (ट्रांजिएंट इस्केमिक अटैक) आने की आशंका जताई। जबकि कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें थकान हो सकती है अथवा अपने करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की हत्या से वह काफी दुखी हो सकते हैं।
'TIA अथवा हल्का स्ट्रोक आया होगा'
X पर एक यूजर ने लिखा, 'ऐसा लगता है कि उन्हें TIA अथवा हल्का स्ट्रोक आया। ऐसा नहीं है कि समारोह में उनका यह भाव केवल एक बार आया बल्कि 30 मिनट के कार्यक्रम के दौरान उनका चेहरा एक जैसा ही रहा।' हालांकि, ट्रंप के स्वास्थ्य और इन अटकलों पर व्हाइट हाउस की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ट्रंप ने किर्क के साहस की प्रशंसा की
इस मेमोरियल के दौरान ट्रंप ने किर्क को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि बुधवार को यूटा विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर अभी भी फरार है। इस मौके पर ट्रंप ने किर्क के साहस की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने युवाओं को प्रभावित किया। ट्रंप ने कहा, 'हम उन्हें बहुत याद करते हैं। लाखों लोगों के दिलों में चार्ली की आवाज मौजूद है, यह उनके दिलों में हमेशा मौजूद रहेगी। '
ट्रंप के दाहिने हाथ पर सूजन देखी गई
अमेरिका में कई स्वास्थ्य एक्सपर्ट मानते हैं कि ट्रंप की मानसिक स्थिति अब ठीक नहीं रहती। उन्हें अल्जाइमर हो सकता है क्योंकि वह अपनी बात पर कायम नहीं रहते। वह चीजें याद नहीं रख पा रहे। हाल ही में ट्रंप के दाहिने हाथ की पीठ पर चोट के निशान और टखनों में सूजन देखी गई थी, जिसे कई बार मेकअप से छिपाने की कोशिश की गई। व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया कि ट्रंप को क्रॉनिक वेनस इन्सफिशिएंसी (सीवीआई) की समस्या है, जिसमें पैरों की नसें रक्त को दिल तक ठीक से नहीं पहुंचा पातीं, जिसके कारण निचले पैरों में रक्त जमा हो जाता है। यह समस्या बुजुर्गों में सामान्य है।
