दुनिया

गुड लक जेडी! पाम बॉन्डी को हटाने के बाद ट्रंप ने वेंस को दी नई जिम्मेदारी; संभालेंगे ‘Fraud Czar’, जानें क्या होगा काम

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को एक नई जिम्मेदारी दी है। ट्रंप ने उन्हें 'Fraud Czar' नियुक्त किया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर यह एलान किया। ट्रंप का यह कदम तब उठाया है, जब कुछ घंटो पहले ही उन्होंने पाम बॉन्डी को अटॉर्नी जनरल के पद से हटाया था।

Image

जेडी वेंस, अमेरिकी उपराष्ट्रपति।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को पद से हटाने के कुछ ही घंटों बाद एक और बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को आधिकारिक तौर पर 'Fraud Czar' नियुक्त कर अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है।

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर की पोस्ट

ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने लिखा कि वेंस अब पूरे अमेरिका में 'धोखाधड़ी से निपटने के मामलों' के प्रभारी होंगे। उन्होंने दावा किया कि यह समस्या बहुत बड़ी और व्यापक है। इस दौरान ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि यह अभियान राजनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, खासकर उन ब्लू स्टेट्स पर केंद्रित होगा, जिन्होंने 2024 चुनाव में ट्रंप को वोट नहीं दिया था। उन्होंने कैलिफोर्निया, इलिनॉय, मिनेसोटा, मेन और न्यूयॉर्क जैसे राज्यों को विशेष रूप से निशाना बनाते हुए कहा कि वहां डेमोक्रेट्स राजनेताओं ने टैक्सपेयर्स के पैसे की लूट की है।

अगर वेंस हुए सफल तो...

उन्होंने दावा किया कि यदि वेंस इस अभियान में सफल होते हैं, तो भ्रष्टाचार से बचाई गई रकम से अमेरिका का बजट संतुलित किया जा सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि लॉस एंजिलिस में बड़े पैमाने पर रेड्स शुरू हो चुकी हैं।अपनी पोस्ट के अंत में ट्रंप ने जेडी वेंस को नए कार्यभार के लिए शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने लिखा गुड लक जेडी

इससे पहले, बीते महीने ही ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर वेंस को राष्ट्रीय एंटी-फ्रॉड टास्क फोर्स का प्रमुख नियुक्त किया था। यह टास्क फोर्स देशभर में फ्रॉड की जांच करेगी।

अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को था हटाया

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को उनके पद से हटा दिया। बॉन्डी को हटाने की घोषणा करते हुए ट्रंप ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बॉन्डी ने अपराध पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए 'बेहतरीन काम' किया और वह एक 'वफादार दोस्त' और 'देशभक्त' हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि ट्रंप ने यह फैसला बॉन्डी के कामकाज से बढ़ती नाराजगी के बीच लिया, जिसमें दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों को संभालने का मुद्दा भी शामिल था। बॉन्डी की गिनती ट्रंप प्रशासन के करीबी लोगों में होती है। पद संभालने के बाद इन्होंने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की निगरानी की थी।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article