US Iran Ceasefire: अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के 'अस्थायी सीजफायर' की घोषणा के बाद ईरान में जश्न का माहौल है। तेहरान में आधी रात के बाद लोग सड़कों पर निकल आए। लोगों को लगता है कि सीजफायर लागू होने के बाद उनके देश पर हमले रुक जाएंगे और इससे उन्हें राहत मिलेगी। सड़कों पर लोग हाथों में अपने देश का ध्वज लहराते और 'अल्लाहु अकबर' के नारे लगाते देखे गए। इस बीच, रिपोर्टें यह भी हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के 'अस्थायी सीजफायर' की घोषणा के बावजूद हमले अभी रुके नहीं हैं। रिपोर्टों के मुताबिक इजराइल और ईरान ने दोनों ने एक-दूसरे को निशाना बनाकर हमले किए हैं।
सीजफायर डील से इजराइल खुश नहीं-रिपोर्ट
ईरान के साथ अमेरिका की सीजफायर डील तो हो गई है लेकिन इस दो सप्ताह के समझौते को लेकर इजराइल के मन में संदेह है। सीएनएन ने इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से कहा है कि इजराइल को इस सीजफायर को लेकर अपनी चिंताएं हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि इस सीजफायर डील में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका को देखते हुए वह इस समझौते का सम्मान करेगा। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि इस सीजफायर डील के लिए इजराइल पूरी तरह से तैयार नहीं था क्योंकि ईरान में वह अभी और ठिकानों को निशाना और सैन्य कार्रवाई के जरिए लक्ष्यों को हासिल करना चाहता था।

ईरान की सड़कों पर जश्न का माहौल।
ट्रंप हमारे नेता हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं-नेतन्याहू
रिपोर्ट के मुताबिक मध्य मार्च में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से संभावित सीजफायर के बारे में जब पूछा गया था तो उन्होंने उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि ट्रंप 'नेता' हैं और वह उनके 'सहयोगी' हैं। बीते 18 मार्च को नेतन्याहू ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 'अंततः, राष्ट्रपति ट्रंप अपने फैसले खुद लेते हैं और क्या मैं उनका सम्मान करता हूं? हां, मैं करता हूं।'
दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया हैंडल ट्रूथ सोशल पर ईरान युद्ध में दो हफ्ते के सीजफायर की घोषणा की। उन्होंने जानकारी देते हुए लिखा कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है। कुल मिलाकर फिलहाल दो हफ्ते के लिए इस विनाशकारी युद्ध पर ब्रेक लग चुका है। ईरान की तरफ से भी युद्ध विराम के फैसले पर मुहर लग चुकी है।
