दुनिया

होर्मुज के पास भारतीय चालक दल वाले मालवाहक पोत पर संदिग्ध हमला; पोत ने भेजा SOS अलर्ट

होर्मुज में ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच, ओमान के तट से करीब 15 समुद्री मील दूर भारतीय चालकदल वाले एक मालवाहक पोत को निशाना बनाए जाने की खबर है। हालांकि इस हमले में किसी जानमाल की हानि की खबर नहीं है।

Image

भारतीय चालक दल वाले मालवाहक पोत पर संदिग्ध हमला। (फोटो- AI)

होर्मुज में तनाव कम होता नहीं दिख रहा है। इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर एक भारतीय वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर प्रोजेक्टाइल हिट की खबर है। इस जहाज पर 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि इस हमले में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। वहीं, शिपिंग मंत्रालय ने इस बारे में बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि तेल टैंकर Marivex में आग लगने की घटना में सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। हालांकि मंत्रालय ने जहाज पर किसी हमले या या प्रोजेक्टाइल हिट होने की पुष्टि नहीं की है।

समुद्री सूत्रों के अनुसार, पलाऊ (Palau) के झंडे वाला यह जहाज ओमान के तट से करीब 15 समुद्री मील दूर था, जब एक जोरदार विस्फोट ने उसके इंजन रूम को निशाना बनाया। धमाके के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और समुद्री क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट से इंजन रूम में बड़ा छेद हो गया, जिसके कारण तेजी से पानी भरने लगा और जहाज का संतुलन बिगड़ गया। स्थिति गंभीर होते ही चालक दल ने आपातकालीन सहायता (SOS) संदेश भेजे। जहाज पर कम से कम 24 भारतीय नाविक सवार थे। फूसी (Forward Seamen’s Union of India) ने पुष्टि की है कि जहाज पर भारतीय नागरिक मौजूद थे और कुछ क्रू सदस्य इस घटना से प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि आग और धुएं के बीच फंसे नाविक लगातार मदद की गुहार लगा रहे थे।

संदिग्ध हमले में जहाज की लाइफबोट्स भी क्षतिग्रस्त

सूत्रों ने यह भी बताया कि संदिग्ध हमले में जहाज की लाइफबोट्स भी क्षतिग्रस्त हो गईं,जिससे चालक दल को सुरक्षित निकालने की कोशिशें और मुश्किल हो गईं। फिलहाल सभी क्रू सदस्यों की स्थिति और बचाव अभियान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही ओमान के पास एक भारतीय जहाज भी हादसे का शिकार हुआ था। सोमालिया से संयुक्त अरब अमीरात जा रही एक भारतीय धौ (पारंपरिक मोटर चालित नौका) में आग लगने के बाद वह समुद्र में डूब गई थी। हालांकि उस हादसे में सवार सभी 14 चालक दल के सदस्यों को ओमानी कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया था।

शिपिंग मंत्रालय ने दी जानकारी

शिपिंग मंत्रालय ने भी इसे लेकर जानकारी दी है। मंत्रालय ने बताया कि तेल टैंकर Marivex में आग लगने की घटना में सभी 24 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। घटना के समय जहाज ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से काफी दूर था। अभी तक किसी हमले या प्रोजेक्टाइल हिट होने की पुष्टि नहीं है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि ईरान और अमेरिका- इजरायल के बीच जंग शुरू होने के बाद 3506 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी कराई जा चुकी है।

भारतीय दूतावास ने ओमानी अधिकारियों का जताया आभार

वहीं, ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय चालकों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हम ओमान के अधिकारियों के त्वरित बचाव और एमटी मारिवेक्स पर सवार भारतीय नागरिकता वाले सभी 24 चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके आभारी हैं।

ब्लैकलिस्टेड जहाज है एमटी मारिवेक्स

सूत्रों का दावा है कि एमटी मारिवेक्स एक प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्टेड) जहाज है, जिस पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हैं। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों में इस जहाज ने अमेरिकी नाकाबंदी को पार करने के कई प्रयास किए थे। तीन बार अमेरिकी नौसेना की चेतावनियों के बाद इसे वापस लौटना पड़ा था।

जानकारी के अनुसार, 8 जून को जहाज ने चौथी बार नाकाबंदी को पार करने की कोशिश की। इस दौरान उसने ओमान के समुद्री क्षेत्र का इस्तेमाल किया और अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए जहाज के सिग्नल एवं ट्रैकिंग उपकरण भी बंद कर दिए थे। सूत्रों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां जहाज के इरादों पर सवाल खड़े करती हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article