दुनिया

BRICS Summit 2026: 'PM के तौर पर नहीं मिला न्योता', बांग्लादेश ने तारिक रहमान की भारत यात्रा से किया इनकार

BRICS Summit 2026: बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की इस सप्ताह भारत यात्रा की संभावना से इनकार कर दिया। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में उचित तरीके से आमंत्रित नहीं किया गया था।

Image

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान (फाइल फोटो)

Photo : AP

BRICS Summit 2026: बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की इस सप्ताह भारत यात्रा की संभावना से इनकार करते हुए गुरुवार को कहा कि उन्हें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में आमंत्रित नहीं किया गया था और इसके बजाय बिम्सटेक अध्यक्ष को निमंत्रण दिया गया था।

कब हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन?

ब्रिक्स संगठन के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में प्रभावशाली समूह के 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में उचित तरीके से आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि रहमान को यह निमंत्रण प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि सात देशों के संगठन बिम्सटेक के अध्यक्ष के रूप में दिया गया था।

जब कबीर से पूछा गया कि क्या रहमान शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे तो उन्होंने सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा, ''हम कैसे जाएं? क्या बांग्लादेश सरकार से किसी को आमंत्रित किया गया है? हमारे प्रधानमंत्री को आमंत्रित नहीं किया गया। आपको किसने बताया कि हमारे प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया गया था?''

ब्रिक्स में कौन-कौन से देश हैं शामिल

ब्रिक्स संगठन में मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब को शामिल करने के लिए इसका विस्तार किया गया और 2025 में इंडोनेशिया भी इसमें शामिल हो गया।

कबीर ने कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री की पहली यात्रा बहुपक्षीय नहीं हो सकती। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''हम द्विपक्षीय दौरों और चर्चाओं पर अधिक जोर दे रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''जब माहौल अनुकूल होगा और आपसी सम्मान बना रहेगा, तो द्विपक्षीय यात्राएं होंगी। जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है।'' मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश समय अनुकूल होने पर भारत की द्विपक्षीय यात्रा की व्यवस्था करने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि ढाका अपने राष्ट्रीय हित से जुड़े हर मामले को गंभीरता से निपटाएगा। 30 साल की गंगा जल बंटवारा संधि की समाप्ति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''जहां भी हमारा राष्ट्रीय हित शामिल है, हम पूरी गंभीरता और कुशलता के साथ कार्य करेंगे।'' वर्ष 1996 में हस्ताक्षरित भारत-बांग्लादेश गंगा जल संधि दिसंबर में समाप्त होने वाली है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article