Russia-Ukraine War News: रूस ने कहा- हमारे 498 सैनिक मारे गए, यूक्रेन के 2870 से अधिक सैनिक मारे गए
Russia-Ukraine War News: यूक्रेन पर रूस के हमले को 7 दिन हो गए हैं। खारकीव में रूस ने हमले काफी तेज कर दिए हैं। भारतीय दूतावास ने सभी नागरिकों को खारकीव किसी भी हालात में छोड़ने को कहा है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 6000 के लगभग सैनिक मारे गए हैं, जबकि रूस ने कहा है कि उसके 498 सैनिक मारे गए हैं। वहीं यूक्रेन के 2870 से अधिक सैनिक मारे गए हैं।
Ukraine Crisis: यूक्रेन में रूस के हमले के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के प्रस्ताव पर मतदान हुआ। वहीं, 193 सदस्यीय महासभा ने यूक्रेन की संप्रभुता, स्वतंत्रता, एकता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुन: पुष्टि करने के लिए मतदान किया और यूक्रेन के खिलाफ रूस की आक्रामकता की कड़े शब्दों में निंदा की। रूसी सैनिकों ने खारकीव में भारी रॉकेट लॉन्चर्स से बमबारी की और हवाई हमले किए। खारकीव क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेग सिनेहुबोव ने कहा कि रूसी सेना के हमले में पिछले 24 घंटों में 21 लोगों की मौत हो गयी और कम से कम 112 घायल हो गए हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में खासतौर से खारकीव में स्थिति की समीक्षा की, जहां कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। परमाणु हमले की धमकी देने के कुछ दिनों बाद रूस ने फिर से नई धमकी दी है। क्रेमलिन के एक शीर्ष अधिकारी ने चेतावनी दी कि रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों का आर्थिक युद्ध एक वास्तविक युद्ध में बदल सकता है।
अभी तक 498 सैनिक मारे गए: रूस
रूस के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि यूक्रेन में उसके 498 सैनिक मारे गए हैं और 1,597 घायल हो गए हैं। उनके अनुसार, यूक्रेन के 2,870 से अधिक सैनिक मारे गए हैं और करीब 3,700 घायल हो गए हैं जबकि 572 अन्य को बंदी बना लिया गया है।
UNGA में रूस के खिलाफ वोटिंग से भारत रहा दूर
UNGA में रूस के खिलाफ प्रस्ताव पर वोटिंग से भारत ने खुद को दूर रखा। इस प्रस्ताव के पक्ष में 141 वोट पड़े, 35 सदस्ट वोटिंग से दूर रहे, जबकि 5 ने विरोध में वोट किया।
मोदी और पुतिन की हुई बातचीत
पीएम नरेंद्र मोदी ने आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति की समीक्षा की, विशेष रूप से खारकीव में जहां कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। उन्होंने संघर्ष क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा की।
UNGA की बैठक जारी
यूक्रेन की स्थिति पर 11वां आपातकालीन विशेष सत्र- संयुक्त राष्ट्र महासभा की चौथी पूर्ण बैठक चल रही है।
रूस-यूक्रेन के बीच होगी वार्ता
बेलारूस के विदेश मंत्रालय ने कहा "हंटर हाउस" रूस-यूक्रेन वार्ता के दूसरे दौर की मेजबानी के लिए तैयार है।
“Hunter’s house” is ready to host second round of Russia-Ukraine negotiations: Ministry of Foreign Affairs of Belarus
— ANI (@ANI) March 2, 2022
(Pics: Ministry of Foreign Affairs of Belarus) pic.twitter.com/xzoZfDCROh
रूसी बमबारी में कई रिहायशी इमारतें ध्वस्त
रूस-यूक्रेन युद्ध के सातवें दिन भीषण बमबारी और गोलाबारी हुई है। रूस का प्लान यूक्रेन को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर देना है। इसके लिए रूस यूक्रेन की राजधानी को पश्चिम और पूरब से घेर रहा है। उसका मकसद कीव पर नियंत्रण हासिल करना है। इस बीच समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनेत्स्क क्षेत्र के होर्लिवका और यासिनुवाता के रिहायशी इलाकों में भी रूसी बमबारी व गोलाबारी हुई है, जिससे कई इमारतें ध्वस्त हो गई हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध का 7वां दिन, खारकीव में भयावह मंजर
रूस-यूक्रेन युद्ध का आज (2 मार्च) सातवां दिन है। इस दौरान हर जगह व्यापक तबाही देखी जा रही है, जबकि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव से भयावह मंजर सामने आ रहा है। यहां रूसी सेना हर तरफ से घेराबंदी कर रही है। खारकीव में आज रूस का बड़ा अभियान सामने आ सकता है, जिसे देखते हुए भारत ने पहले ही अपने नागरिकों से खारकीव जल्द से जल्द खाली कर देने को कहा है। उन्हें यहां तक कहा गया है कि अगर कोई वाहन नहीं मिल रहा है तो वे पैदल ही वहां से निकल पड़ें, लेकिन इस शहर को तत्काल छोड़ दें।
#धाकड़EXCLUSIVE: कीव से पहले खारकीव में भयावह मंजर...युद्ध के 7वें दिन कितनी तबाही?
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) March 2, 2022
देखिए, 'धाकड़ EXCLUSIVE' @Anant_Tyagii के साथ #Russia #Ukraine #India #RussiaUkraineWar #IndiansInUkraine pic.twitter.com/oU0QffrVC3
यूक्रेन में एक और भारतीय की मौत
यूक्रेन में एक और भारतीय नागरिक की जान गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इसकी पुष्टि की है, पर बताया कि उनकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है और उनका परिवार भी यूक्रेन में है। मृतक की पहचान चंदन जिंदल (22) के रूप में की गई है। वह यूक्रेन के विनीत्सिया स्थित एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ते थे। कुछ दिनों पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। इससे एक दिन पहले मंगलवार को कर्नाटक के छात्र नवीन की मौत यूक्रेन के खारकीव में गोलीबारी में जाने की पुष्टि की गई थी।
Chandan Jindal, an Indian national in Ukraine lost his life due to natural causes. His family is also in Ukraine: Arindam Bagchi, MEA spokesperson pic.twitter.com/CcP9lTdPEH
— ANI (@ANI) March 2, 2022
खारकीव में तेज हुए मिसाइल हमले
यूक्रेन में रूसी हमले के सातवें दिन रूस के सशस्त्र बलों ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में घेराबंदी की है। पल-पल बदलते हालात के बीच भारत ने यहां से अपने नागरिकों को जल्द से जल्द निकल जाने को कहा है। इस बीच खबर आ रही है कि खारकीव में मिसाइल हमले तेज हो गए हैं और काउंसिल बिल्डिंग में क्रूज मिसाइल से हमला किया गया है।
#WarBreaking: खारकीव में तेज हुए मिसाइल हमले, काउंसिल बिल्डिंग में क्रूज मिसाइल से अटैक
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) March 2, 2022
यूक्रेन के लवीव से अधिक जानकारी दे रहे हैं संवाददाता @deepduttajourno@SushantBSinha #Russia #Ukraine #India #RussiaUkraineWar #IndiansInUkraine pic.twitter.com/tLu4GRwz5c
यूक्रेन में रह रहे भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने यहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को तत्काल खारकीव छोड़ देने को कहा है। भारतीय नागरिकों के लिए जारी नई एडवाइजरी में कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से वे तुरंत खारकीव छोड़ दें। उन्हें जल्द से जल्द पेसोकिन, बबाये और बेजल्युडोवाकिया की तरफ बढ़ने को कहा गया है। साथ ही उन्हें हर हाल में शाम 6 बजे तक (यूक्रेनियन समय के हिसाब से) शेल्टर होम में पहुंचने को कहा गया है।
यूक्रेन में भीषण तबाही, जायटोमिर में घर, अपार्टमेंट नष्ट
यूक्रेन में रूस के हमले का आज सातवां दिन है और इस बीच जंग और तेजी होती जा रही है। रूस ने यूक्रेन के खिलाफ अपने खास सशस्त्र बलों और हथियारों को मोर्चे पर लगाया है। यूक्रेन का कहना है रूसी मिसाइल हमले में घरों व अपार्टमेंट को भी निशाना बनाया जा रहा है। यूक्रेन के महत्वपूर्ण स्थानों पर रूस घेराबंदी कर रहा है। रूस का मकसद जल्द से जल्द यूक्रेन की राजधानी कीव और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर कब्जा करना है।
विनाशकारी होगा तीसरा विश्वयुद्ध
यूक्रेन के साथ जारी जंग के बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि तीसरा विश्व युद्ध विनाशकारी और परमाणु युद्ध वाला होगा।
रूसी विदेश मंत्री के इस बयान को उनके एक दिन पहले के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूक्रेन परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिश कर रहा है और यह एक बड़ा खतरा है, जिसे रोकने की जरूरत है।
संकट के बीच यूक्रेन को मिलेगा नया राष्ट्रपति!
यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। जैसा कि बताया जा रहा था कि रूस का मकसद कीव में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की सरकार को बर्खास्त करना और उनकी जगह किसी ऐसे शख्स को सत्ता में बिठाना है, जो रूस समर्थक दृष्टिकोण रखता हो, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस संबंध में जल्द ही कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से आ रही रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि पुतिन यूक्रेन के राष्ट्रपति के तौर पर यानकोविच के नाम का ऐलान कर सकते हैं, जो इस समय बेलारूस में हैं, जहां यूक्रेन और रूस के बीच जंग के बावजूद दोनों पक्षों में बातचीत की प्रक्रिया भी जारी है।
#WarBreaking | यूक्रेन को मिल सकता है नया राष्ट्रपति, वहीं यूक्रेन से बातचीत को रूस फिर से तैयार
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) March 2, 2022
देखिए, युद्ध के ताजा हालात से जुड़े #EXCLUSIVE अपडेट्स #TimesNowNavbharat पर @himanshdxt #RussianUkrainianWar #UkraineRussiaWar pic.twitter.com/cpACmvEK1u
भारत अपने नागरिकों को लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा: पीएम मोदी
यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षित देश वापसी में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए हर तरह के प्रयास जारी हैं। वायुसेना को इस काम में लगाया गया है। उन्होंने देश के नागरिकों को यकीन दिलाया कि सरकार यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों को देश लाने में पूरी तरह सक्षम है। वह यूपी में आगामी चरणों में होने वाले एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, जब उन्होंने यह बात कही।
#WarBreaking | भारतीयों को निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, रेस्क्यू के लिए सेना, वायुसेना को लगाया गया- #PMModi#OperationGanga #RussiaUkraineWar @MinakshiKandwal pic.twitter.com/9U2bOPAEcZ
— Times Now Navbharat (@TNNavbharat) March 2, 2022
यूक्रेन का दावा- लड़ाई में 6000 रूसी सैनिक मारे गए
रूस के हमले के बाद से यूक्रेन में भीषण तबाही का आलम है। हर तरफ रूसी सेना हावी होती जा रही है। रूस की बमबारी जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हताहत हो रहे हैं। यूक्रेन कड़ाई से रूसी सैनिकों का प्रतिरोध कर रहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि युद्ध के छह दिनों में लगभग 6000 रूसी सैनिक मारे गए हैं।
'कीव को जलता देखना अत्यंत पीड़ादायक'
महाराष्ट्र के नागपुर निवासी और पेशे से अंतरिक्ष व रक्षा इंजीनियर राजेश मुनीश्वर भी उन लोगों में से हैं जो यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद बचकर पड़ोसी देश रोमानिया पहुंचे हैं। पिछले 17 साल से कीव में रह रहे मुनीश्वर ने वहां का मंजर बयां करते हुए कहा कि शहर को उजड़ता हुआ देखना ‘अत्यंत पीड़ादायक अनुभव’है। कीव से पत्नी और आठ साल के बेटे को लेकर रोमानिया की सीमा में दाखिल हुए मुनीश्वर ने बताया कि कीव को रूसी सैनिकों ने चारों ओर से घेर लिया है और अहम सरकारी कार्यालयों सहित कई इमारतों को बमों से निशाना बनाया जा रहा है।
खरसोन का रीजनल सेंटर कब्जे में- रूस
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी फौज ने खरसोन के रीजनल सेंटर पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। यूक्रेन पर कब्जा करने के लिए रूस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। रूसी सेना शहरों में भीषण हमले कर रही है। इमारतों पर मिसाइलें एवं बम बरसाए जा रहे हैं। खारकीव स्थित पुलिस मुख्यालय पर भीषण हमला हुआ है। इस हमले में पुलिस मुख्यालय की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। हमले के बार इमारत में आग लग गई और उसका मलबा टूटकर नीचे गिरने लगा।
बाइडन ने तीन करोड़ बैरल तेल देने की घोषणा की
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने घोषणा की कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों को स्थिर रखने के लिए उनके प्रशासन ने 30 अन्य देशों के साथ मिलकर अमेरिकी रणनीतिक आरक्षित भंडार (रिजर्व) से करोड़ों बैरल तेल देने का फैसला किया है। बाइडन ने मंगलवार को स्टेट ऑफयूनियन भाषण के बीच में कहा कि उनका प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए ‘मजबूत कदम’ उठा रहा है कि रूस की अर्थव्यवस्था को लक्षित कर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों का व्यपाक असर हो।
कीव पर कब्जे के लिए रूस ने लगाया एड़ी-चोटी का जोर, लोगों को शेल्टर में जाने की अपील
यूक्रेन पर रूस ने हमला तेज कर दिया है। रिपोर्टों की मानें तो रूस की सेना राजधानी कीव एवं सूमी पर हवा हमले कर सकती है। कीव में हवाई हमले के सायरन सुने गए है और लोगों को शेल्टर में जाने के लिए कहा गया है। सूमी में भी हवाई हमले का अलर्ट जारी हुआ है।
कीव में टीवी टावर पर मिसाइल से हमला, प्रसारण बंद
यूक्रेन में रूसी सेना से लोहा लेने देश में ही रुके पुरुष
रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद पूर्वी हंगरी के एक गांव के स्कूल के मैदान में इकट्ठा हुए सैकड़ों शरणार्थियों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे ही हैं, जिनके पति, पिता, भाई और बेटे अपने देश की रक्षा करने और रूसी सैनिकों से लोहा लेने के लिए यूक्रेन में ही रुक गए हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव की निवासी ओल्गा स्क्लीयारोवा (34) ने कहा, ‘मेरे भाई अभी युद्ध लड़ रहे हैं। पुरुषों को सीमा पार करने की इजाज़त नहीं है, इसलिए वे हमें सीमा तक छोड़कर युद्ध लड़ने के लिए वापस कीव लौट गए।’
तीन और सी-17 परिवहन विमान रोमानिया जाएंगे
तीन और सी-17 परिवहन विमान रोमानिया जाएंगे। आज सुबह हिंडन एयरपोर्ट से वायु सेना का एक सी-17 विमान रोमानिया के लिए रवाना हुआ। यह अपने साथ राहत सामग्री भी लेकर गया है।
रूसी टैंक पर चढ़ गए लोग
रूसी सेना के विरोध का एक वीडियो पोलैंड, हंगरी, चेक गणराज्य और स्लोवाकिया में काम करने वाले सांस्कृतिक एवं राजनीतिक समूह विसेग्राड ने एक वीडियो जारी किया है। बताया जाता है कि यह वीडियो उत्तरी यूक्रेन के बखमाक शहर का है।
अमेरिका ने रूस के विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र किया बंद
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’संबोधन में रूस की आक्रामकता का सामना करने और अमेरिकी मुद्रास्फीति को काबू करने का संकल्प किया। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बीच बाइडन के इस भाषण के मायने और बढ़ गए हैं। राष्ट्रपति ने अपने भाषण की शुरुआत भी यूक्रेन संकट के मुद्दे से ही की। उन्होंने सदन के कक्ष में उपस्थित सांसदों से कहा कि वे खड़े होकर यूक्रेन के लोगों के जज्बे को सलाम करें। इसके बाद सभी सांसद खड़े हो गए। बाइडन ने कहा, ‘अपने पूरे इतिहास में हमने यह सबक सीखा है कि जब तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती, तो वे और अधिक अराजकता फैलाने लगते हैं।’ इस दौरान, बाइडन ने घोषणा की कि अमेरिका अपने हवाई क्षेत्र को रूसी विमानों के लिए बंद कर रहा है और कहा कि अन्य दंडात्मक कदमों के साथ उठाया गया यह कदम रूस को कमजोर करेगा।
खाने-पीने की चीजें लेकर रवाना हुआ सी-17
हिंडन एयरपोर्ट से बुधवार सुबह वायु सेना का परिवहन विमान सी-17 रोमानिया के लिए रवाना हुआ। यह अपने साथ लोगों को खाने-पीने के लिए सामग्री भी लेकर गया है।
#WATCH | Visuals of Indian Air Force's C-17 transport aircraft carrying humanitarian assistance. The aircraft left for Romania at 4 am this morning pic.twitter.com/Rz90ysVUtf
— ANI (@ANI) March 2, 2022
दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा एक और विमान, जितेंद्र सिंह ने किया छात्रों का स्वागत
PM मोदी ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल से बात की और युद्ध प्रभावित यूक्रेन में बिगड़ती स्थिति और मानवीय संकट पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने शत्रुता को समाप्त करने और बातचीत की वापसी के लिए भारत की अपील को दोहराया। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि समकालीन वैश्विक व्यवस्था अंतर्राष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सभी देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के सम्मान पर आधारित है।
बुखारेस्ट एयरपोर्ट पर छात्रों से मिले सिंधिया
यूक्रेन को विश्व बैंक से 3 अरब डॉलर की सहायता
यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद अमेरिका सहित पश्चिमी देश उसे मदद दे रहे हैं। यह मदद आर्थिक एवं सैन्य रूप में जारी है। अमेरिका ने यूक्रेन को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है जबकि कनाडा, जर्मनी एवं अन्य देश उसे हथियार पहुंचा रहे हैं। विश्व बैंक ने कहा है कि वह यूक्रेन को तीन अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता देगा।
अमेरिकी लोगों को संबोधित करेंगे बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि वह आज रात नौ बजे अपने देश को संबोधित करेंगे। बाइडन ने कहा है कि बीते एक साल में देश के विकास एवं नए अमेरिका के बारे में वह अपने विचार रखेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लोगों से रात नौ बजे जुड़ने की अपील की है।
यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिवारों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी
केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने सोमवार को कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे छात्रों तथा अन्य लोगों के परिवारों की मदद के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यूक्रेन में फंसे छात्रों तथा अन्य लोगों के परिवार हेल्पलाइन नंबर 9173572-00001 और 9198154-25173 पर फोन कर सकते हैं। होशियारपुर से सांसद प्रकाश ने चिंतित परिजनों को यूक्रेन में फंसे छात्रों या किसी और के बारे में एक फॉर्म में आवश्यक सूचना देने का अनुरोध किया है। इसमें उनके मोबाइल नंबर, पासपोर्ट नंबर और यूक्रेन में उस इलाके की जानकारी होनी चाहिए जहां वे रहते थे तथा साथ ही यूक्रेन के नजदीकी सीमावर्ती इलाकों की सूचना होनी चाहिए।

