LIVE

Russia-Ukraine War News Updates: यूक्रेन के खारकीव में रूस की एयर स्ट्राइक, टीवी टावर पर भी हमला, 5 की मौत

Russia-Ukraine War News : रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध छठवें दिन भी जारी रहा। दोनों में सो कोई भी देश पीछे हटने के लिए तैयार नहीं है। राजधानी कीव पर कब्जा करने के लिए रूस ने अपने हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच, दोनों देश बातचीत भी कर रहे हैं। रूस और यूक्रेन के बीच अगले दौर की बातचीत पोलैंड-बेलारूस की सीमा पर होनी है। पश्चिमी देश यूक्रेन को हथियारों की स्पलाई कर रहे हैं। यूरोपीय संघ में शामिल होने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Mar 2, 2022, 00:10 IST
Follow on Google News
Russia-Ukraine War News Updates: यूक्रेन के खारकीव में रूस की एयर स्ट्राइक, टीवी टावर पर भी हमला, 5 की मौत

Russia-Ukraine War : रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के मुख्य चौराहे फ्रीडम स्क्वेयर तथा अन्य असैन्य ठिकानों पर मंगलवार को हमला किया जिससे पूरा शहर थर्रा उठा। इसके साथ ही रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव के और करीब पहुंच गई है तथा करीब 40 मील के काफिले में रूस के टैंक और अन्य सैन्य वाहन कूच कर रहे हैं। रूसी सेना ने हमले के छठे दिन कीव के टीवी टॉवर और यूक्रेन में यहूदी नरसंहार के मुख्य स्मारक समेत अन्य असैन्य स्थलों को निशाना बनाते हुए हमले किए। टीवी टॉवर पर हमलों में पांच लोगों की मौत हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गए हैं। कई लोगों के लिए युद्ध का मतलब भूमिगत स्थानों और मेट्रो स्टेशन में आश्रय लेना है। कई लोग हड़बड़ी में अपने घर छोड़कर निकल गए। कई लोग ट्रेन और बसों के जरिए या मीलों तक पैदल चलकर पड़ोसी देशों में चले गए हैं। शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र को आने वाले हफ्तों में यूक्रेन के शरणार्थियों की संख्या 40 लाख तक पहुंचने की आशंका है।

MAR 01, 2022 23:35 IST

खारकीव: हवाई हमले में 8 की मौत

खारकीव में आवासीय ब्लॉक पर रूसी हवाई हमले में आठ मरे। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार एंटन हेराशेंको का कहना है कि रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीव में एक टेलीविजन टावर पर हमला किया है, जिससे सिग्नल बाधित हो सकता है। टीवी टॉवर पर हमलों में पांच लोगों की मौत हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गए हैं।

MAR 01, 2022 23:34 IST

पीएम मोदी और मैक्रों की हुई बातचीत

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने यूक्रेन में स्थिति पर चर्चा की, बिगड़ती मानवीय स्थिति पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डुडा से बात की, यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में मदद देने के लिए उनका आभार जताया।

MAR 01, 2022 23:16 IST

जेलेंस्की ने की बाइडेन से बात

यूक्रेन संकट के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से बात की। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूसी विरोधी प्रतिबंधों और यूक्रेन को रक्षा सहायता पर अमेरिकी नेतृत्व पर चर्चा हुई। हमें जल्द से जल्द हमलावर को रोकना चाहिए।

MAR 01, 2022 20:58 IST

रूस को UNHRC की सदस्यता से हटा दिया जाना चाहिए: अमेरिका

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन का सुझाव है कि रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की सदस्यता से हटा दिया जाना चाहिए।
 

MAR 01, 2022 20:58 IST

हम यूक्रेन में रूसी सेना से नहीं लड़ेंगे: बोरिस जॉनसन

ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा कि हम यूक्रेन में रूसी सेना से नहीं लड़ेंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दो चीजों का गलत आकलन किया। उन्होंने यूक्रेनी प्रतिरोध की ताकत का गलत अनुमान लगाया और उन्होंने पश्चिमी एकता की ताकत का गलत अनुमान लगाया और कम करके आंका।

MAR 01, 2022 20:00 IST

गोलाबारी-बमबारी नागरिक क्षेत्रों में हो रही है: यूक्रेन

भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. इगोर पोलिखा ने कहा कि यूक्रेन के खारकीव में गोलाबारी में मारे गए भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत पर मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। पहले सैन्य स्थलों पर गोलाबारी और बमबारी होती थी लेकिन अब नागरिक क्षेत्रों में भी हो रही है। यह मुगलों द्वारा राजपूतों के खिलाफ किए गए नरसंहार की तरह है। हम हर बार दुनिया के सभी प्रभावशाली नेताओं से पुतिन के खिलाफ बमबारी और गोलाबारी रोकने के लिए हर संसाधन का उपयोग करने के लिए कह रहे हैं। इनमें मोदी जी भी शामिल हैं। हमने मानवीय सहायता के तौर-तरीकों पर चर्चा की। यह सहायता शुरू करने के लिए हम भारत के आभारी हैं। पहला विमान आज पोलैंड में उतरने की उम्मीद है। मुझे विदेश सचिव द्वारा आश्वासन दिया गया था कि यूक्रेन को अधिकतम मानवीय सहायता मिलेगी।

MAR 01, 2022 19:38 IST

पोलैंड में भारतीयों से मिले वीके सिंह

केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने पोलैंड के वारसॉ में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में रहने वाले 80 भारतीय छात्रों से मुलाकात की।

MAR 01, 2022 19:10 IST

कीव में कई ठिकानों पर हमला करने वाला है रूस

रूसी रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि वह यूक्रेन के कीव में कई ठिकानों पर हमला करने वाला है। रूस ने खुफिया इंफ्रास्ट्रक्चर के पास रहने वाले कीव निवासियों को खाली करने के लिए कहा है।

MAR 01, 2022 18:48 IST

यूक्रेन संकट पीएम मोदी की हाई लेवल मीटिंग

यूक्रेन संकट पीएम मोदी की हाई लेवल मीटिंग जारी है। मीटिंग में अधिकारियों के साथ यूक्रेन के हालात और भारतीयों की वापसी पर चर्चा हो रही है। यूक्रेन संकट पर पीएम मोदी की ये तीसरी हाई लेवल मीटिंग है।

MAR 01, 2022 18:41 IST

यूक्रेन की EU में शामिल होने की अपील को मंजूरी

यूरोपियन संसद ने यूक्रेन की बहुत बड़ी मांग मान ली है। यूक्रेन यूरोपियन यूनियन में शामिल होगा। यूरोपियन यूनियन ने इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने EU से यूक्रेन को यूरोपियन यूनियन में शामिल करने मांग की थी।

MAR 01, 2022 17:43 IST

खारकीव में 10 की मौत

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर रूसी गोलाबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हमले में केंद्रीय चौक और मुख्य प्रशासनिक भवन को निशाना बनाया गया। 

MAR 01, 2022 17:33 IST

नवीन के पिता से पीएम मोदी ने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवीन शेखरप्पा के पिता से बात की है। आज सुबह यूक्रेन के खारकीव में गोलाबारी में कर्नाटक के रहने वाले भारतीय छात्र नवीन की मौत हो गई। 

MAR 01, 2022 17:21 IST

युद्ध अपराधों के लिए पुतिन पर मुकदमा चलाया जा सकता: ब्रिटेन

ब्रिटेन सरकार ने मंगलवार को चेतावनी दी कि यूक्रेन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके कमांडरों पर युद्ध अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जा सकता है।

MAR 01, 2022 16:52 IST

बातचीत का रास्ता हमेशा खुला रहना चाहिए: UN

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि तोपें अब बोल रही हैं, लेकिन बातचीत का रास्ता हमेशा खुला रहना चाहिए। मैं यूक्रेन में रक्तपात को समाप्त करने और इस संघर्ष को रोकने के लिए सभी शांतिपूर्ण प्रयासों का स्वागत और प्रोत्साहित करता हूं। मैं उन देशों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने वार्ता की मेजबानी करने की पेशकश की है। संयुक्त राष्ट्र ऐसे प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।

MAR 01, 2022 16:38 IST

यूक्रेन में दस लाख आंतरिक रूप से विस्थापित लोग

शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त (UNHCR) का अनुमान है कि यूक्रेन में दस लाख आंतरिक रूप से विस्थापित लोग हैं।

MAR 01, 2022 16:08 IST

भारतीयों की निकासी के लिए एक रणनीतिक योजना की आवश्यकता: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि एक भारतीय छात्र नवीन की यूक्रेन में जान गंवाने की दुखद खबर मिली। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं दोहराता हूं भारत सरकार को सुरक्षित निकासी के लिए एक रणनीतिक योजना की आवश्यकता है। हर मिनट कीमती है।

MAR 01, 2022 15:51 IST

9000 से अधिक भारतीय नागरिक यूक्रेन से बाहर लाए गए

सरकार के सूत्रों का कहना है कि खारकीव में आज एक भारतीय छात्र की गोलाबारी में मौत हो गई। खारकीव में बिगड़ते हालात गंभीर चिंता का विषय है। उस शहर में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम पहले ही रूसी और यूक्रेनी दूतावासों के साथ खारकीव और संघर्ष क्षेत्रों के अन्य शहरों से छात्रों सहित भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षित मार्ग की आवश्यकता पर जोर दे चुके हैं। 24 फरवरी को इस संघर्ष की शुरुआत के बाद से रूस और यूक्रेन से यह मांग बार-बार की जाती रही है। भारत की ओर से पिछले कुछ समय से लोगों को निकालने की तैयारी की जा रही है। यूक्रेन की सीमा के पास रूसी शहर बेलगोरोद में एक भारतीय टीम को तैनात किया गया है। हालांकि, खारकीव और आसपास के शहरों में संघर्ष की स्थिति एक बाधा रही है। 9000 से अधिक भारतीय नागरिक यूक्रेन से बाहर लाए गए जबकि काफी संख्या में अब सुरक्षित क्षेत्रों में हैं। हम यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करना जारी रखेंगे।

MAR 01, 2022 15:46 IST

सीधे मंत्रालय से संपर्क करें सांसद: जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सांसदों से यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी साझा करने के लिए सीधे उनके कार्यालय से संपर्क करने के लिए कहा है। ई-मेल आईडी, व्हाट्सएप नंबर भी साझा किया है, जिस पर सांसद विवरण साझा कर सकते हैं।

MAR 01, 2022 15:44 IST

यूक्रेन के पास अभी भी सोवियत परमाणु तकनीक: रूस

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कहना है कि यूक्रेन के पास अभी भी सोवियत परमाणु तकनीक है, हम इस खतरे का जवाब देने में विफल नहीं हो सकते हैं।

MAR 01, 2022 15:37 IST

उद्देश्य पूरे नहीं होने तक सैन्य अभियान जारी रहेगा: रूस

रूस के रक्षा मंत्री का कहना है कि यूक्रेन में सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि उद्देश्य पूरे नहीं हो जाते।

MAR 01, 2022 15:03 IST

खारकीव में एक भारतीय छात्र की मौत, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया है कि खारकीव शहर में हुई गोलीबारी में भारत के एक छात्र की मौत हो गई है। छात्र के मौत पर हम काफी दुखी हैं।  

MAR 01, 2022 14:13 IST

यूक्रेन-रूस संकट से पाकिस्तान में बढ़ेगी महंगाई

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद यूरोपीय संघ (ईयू) ने कई वित्तीय प्रतिबंध लगाए हैं। आने वाले दिनों में पाकिस्तान पर भी इसका असर दिखने की उम्मीद है। आर्थिक विशेषज्ञों ने कहा है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण वैश्विक कमोडिटी प्रक्रिया में उछाल से पाकिस्तान के लिए संघर्ष और बढ़ने की उम्मीद है। पाकिस्तान बिजनेस काउंसिल (पीबीसी) के सीईओ एहसान माली ने कहा, "हमने देखा कि ब्रेंट क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया है। पेट्रोकेमिकल्स की कीमतें वैश्विक तेल की कीमतों से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए उनके भी चढ़ने की उम्मीद है।"

MAR 01, 2022 13:51 IST

कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत

अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि खारकीव एवं कीव के बीच शहर ओख्तिरका में यूक्रेन के कम से कम 70 सैनिक मारे गए हैं। रूस ने यहां ऑर्टिलरी से हमला किया था।  

MAR 01, 2022 13:19 IST

पीएम मोदी ने यूक्रेन संकट पर राष्ट्रपति को दी जानकारी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और उन्हें यूक्रेन के हालात समेत विभिन्न मुद्दों पर जानकारी दी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मोदी ने हाल ही में शुरू किए गए 'ऑपरेशन गंगा' के तहत युद्धग्रस्त देश से भारतीय नागरिकों को निकालने के सरकार के प्रयासों के बारे में उन्हें अपडेट किया। उन्होंने यह भी बताया कि 1600 से अधिक भारतीय छात्रों को आज सुबह तक यूक्रेन से निकाला गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की सातवीं उड़ान 182 भारतीयों के साथ मुंबई में उतरी, जिनमें ज्यादातर छात्र थे, जो सोमवार आधी रात को बुडापेस्ट (हंगरी) से रवाना हुए थे।
 

MAR 01, 2022 12:20 IST

दूतावास की सलाह-कीव से तत्काल निकल जाएं भारतीय नागरिक

यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए ताजा गाइडलाइन जारी की है। अपनी इस नई गाइडलाइन में दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से तत्काल कीव छोड़ने के लिए कहा है। दूतावास ने कहा कि नागरिक ट्रेन या बस किसी भी चीज से राजधानी कीव से निकल जाएं। रिपोर्टों में कहा गया है कि रूसी की सेना का एक बड़ा काफिला कीव के पास पहुंच गया है। राजधानी पर कब्जा करने के लिए रूस की सेना भीषण हमला कर सकती है। रिपोर्ट है कि रूस की सेना की तरफ से 'वैक्यूम बम' से हमला किया गया है।  

MAR 01, 2022 11:48 IST

'ऑपरेशन गंगा' को मिलेगा अब वायु सेना का साथ  

ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के प्रयासों को और तेज करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय वायु सेना को भी इस ऑपरेशन से जुड़ने के लिए कहा है। वायु सेना के हवाई जहाजों के जुड़ने से भारतीयों के लौटने की प्रक्रिया गति पकड़ेगी, और उनकी संख्या में भी वृद्धि होगी। साथ ही साथ, भारत से भेजी जा रही राहत सामग्री भी और तेजी से पहुंचेगी। भारतीय वायु सेना के कई C-17 विमान आज ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ान शुरू कर सकते हैं।

MAR 01, 2022 11:45 IST

यूक्रेनी मीडिया का दावा- रूस की सेना ने वैक्यूम बम से हमला किया

यूक्रेन की मीडिया ने दावा किया है कि रूस की सेना ने उसके ऊपर 'वैक्यूम बम' से हमला किया है। जेनेवा कंवेशन के तहत 'वैक्यूम बम' प्रतिबंधित है। इस बम को फॉदर ऑफ ऑल बम भी कहते हैं। इस बम के निर्माण में पारंपरिक गोला-बारूद का इस्तेमाल नहीं होता है। विस्फोट के बाद यह अपने आस-पास के ऑक्सीजन को खींच लेता है। ये बम उच्च दाब वाले विस्फोटक से भरा होता है। इसके फटने के बाद लोग ऑक्सीजन के लिए बेचैनी महसूस करने लगते हैं और ऑक्सीजन की कमी से उनकी मौत होने लगती है।
MAR 01, 2022 11:23 IST

यूक्रेन संकट के बीच राष्ट्रपति से मिले PM 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और उन्हें यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग से पैदा हुई वैश्विक स्थिति के साथ ही यूक्रेन से भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे अभियान की विस्तृत जानकारी दी। सूत्रों ने बताया, ‘प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की और उन्हें यूक्रेन सहित विभिन्न मुद्दों पर जानकारी दी।’
 

MAR 01, 2022 10:22 IST

70 यूक्रेनी सैनिक मारे गए-रिपोर्ट

समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी सेना ने पूर्वी यक्रेन में एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया है। रूस के इस हमले में 70 से ज्यादा यूक्रेनी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। 

MAR 01, 2022 10:14 IST

आज रात रोमानिया के लिए निकलेंगे सिंधिया

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों एवं छात्रों को निकालने के लिए भारत सरकार ऑपरेशन गंगा चला रही है। इस अभियान के तहत अब तक 8 हजार से ज्यादा नागरिक स्वदेश लाए गए हैं। यूक्रेन से भारतीय नगारिक रोमानिया, पोलैंड पहुंच रहे हैं जहां से इन्हें विशेष विमान से भारत लाया जा रहा है। यूक्रेन के पड़ोसी देशों से बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र के चार मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह आज सुबह तीन बजे पोलैंड के लिए रवाना हो गए जबकि केंद्रीय मंत्री हरदीप 10.30 बजे हंगरी के लिए निकलेंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया आज रात रोमानिया के लिए रवाना होंगे।

MAR 01, 2022 09:37 IST

यूएन से रूस के 12 राजनयिक निष्कासित 

संयुक्त राष्ट्र में काम करने वाले रूस के 12 राजनयिकों को अमेरिका ने निष्कासित कर दिया है। इन पर जासूसी का आरोप लगा है।  

MAR 01, 2022 09:07 IST

कीव के पास रूसी सेना का 64 किलोमीटर लंबा काफिला

यूक्रेन की जंग पर अमेरिका की नजर बनी हुई है। सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर अमेरिका का दावा है कि रूस ने बड़ी संख्या में अपनी बख्तरबंद वाहनों एवं ट्रकों को राजधानी कीव की ओर रवाना किया है। वाहनों एवं ट्रकों का यह काफिला 64 किलोमीटर लंबा है। कीव पर कब्जा करने के लिए रूस लगातार हमले कर रहा है लेकिन अभी उसे कामयाबी नहीं मिल पाई है।
MAR 01, 2022 08:52 IST

अमेरिका ने रूस में अपने नागरिकों को निकल जाने की सलाह दी

अमेरिकी विदेश विभाग ने सोमवार को रूस में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को यूक्रेन में मॉस्को की चल रही सैन्य कार्रवाइयों का हवाला देते हुए देश छोड़ने पर विचार करने की सलाह दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश विभाग ने एक ताजा यात्रा सलाह में कहा कि रूस स्थित अमेरिकी नागरिकों की सहायता करने की अमेरिकी सरकार की क्षमता अब सीमित है, इसलिए अमेरिकियों को अभी भी उपलब्ध वाणिज्यिक विकल्पों के माध्यम से देश छोड़ने पर विचार करना चाहिए।

MAR 01, 2022 08:42 IST

रोमानिया बार्डर पर अस्थाई शिविरों में भारतीय

यूक्रेन से निकलकर रोमानिया पहुंचे भारतीय छात्रों को अस्थायी शिविरों में रखा गया है। सिरेत बॉर्डर पर अस्थायी कैंप बनाया गया है।

MAR 01, 2022 08:23 IST

बुखारेस्ट से मुंबई पहुंचे 182 भारतीय

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए सरकार 'ऑपरेशन गंगा' चला रही है। अब तक यूक्रेन से करीब 8000 भारतीय वापस देश आ चुके हैं। रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से 182 भारतीयों को लेकर विशेष विमान मुंबई पहुंचा। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने एयरपोर्ट पर भारतीय छात्रों का स्वागत किया।
MAR 01, 2022 08:22 IST

यूक्रेन को एंटी-टैंक मिसाइलें देगा कनाडा

कनाडा ने कहा है कि वह यूक्रेन को एंटी-टैंक मिसाइलें देगा। साथ ही उसने कहा है कि वह रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध लगाएगा। यूरोप के कई देश यूक्रेन को हथियारों की मदद कर रहे हैं।    
 

MAR 01, 2022 08:22 IST

यूक्रेन के लिए मानवीय सहायता रवाना करेगा भारत

भारत ने सोमवार को, यूक्रेन में मानवीय सहायता भेजने का निर्णय लिया। पूर्वी यूरोप के इस देश में रूस के हमले के कारण हजारों लोग सीमावर्ती इलाकों की ओर जा रहे हैं जिससे वहां मानवीय संकट पैदा हो गया है। यूक्रेन में फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा के वास्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार को मानवीय सहायता सामग्री भेजी जाएगी। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री ने इसका संज्ञान लिया कि यूक्रेन की सीमाओं पर मानवीय संकट से निपटने के लिए सहायता आपूर्ति की पहली खेप कल भेजी जाएगी।”

MAR 01, 2022 08:22 IST

रूस व यूक्रेन ने एक-दूसरे पर साधा निशाना

रूस-यूक्रेन संघर्ष के चलते बढ़ते संकट के बीच सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के विशेष आपातकालीन सत्र के दौरान दोनों देशों ने एक-दूसरे पर निशाना साधा। एक तरफ कीव ने संयुक्त राष्ट्र से आह्वान किया कि मॉस्को उसके खिलाफ जारी आक्रामकता को रोके, तो दूसरी तरफ, रूस ने जोर दिया कि उसने शत्रुता की शुरुआत नहीं की और वह युद्ध को समाप्त करना चाहता है।