पाकिस्तानी सेना पर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बड़ा हमला बोला है। एक के बाद एक तीन गाड़ियों को निशाना बनाकर किए गए हमले में कम से कम 25 पाकिस्तानी सेना के जवान मारे गए हैं। बीएलए ने इस हमले का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें बीएलए के लड़ाके हमला करते दिख रहे हैं।
जियारत क्रॉस के पास सैन्य काफिले पर हमला
बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, BLA के प्रवक्ता ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने जियारत क्रॉस के पास एक सैन्य काफिले को निशाना बनाया। हमले में सैन्य वाहनों को निशाना बनाकर उनमें से दो को नष्ट कर दिया गया, जिनमें एक सैन्य ट्रक भी शामिल था। संगठन ने शुरुआत में हमले में 18 सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 कर दिया गया।
बीएलए ने वीडियो भी किया जारी
BLA ने अपने आधिकारिक मीडिया चैनल हक्कल के जरिए एक मिनट 11 सेकंड का वीडियो ट्रेलर भी जारी किया। संगठन का दावा है कि इसमें जियारत क्रॉस हमले के दृश्य हैं। वीडियो में कथित तौर पर हथियारबंद लड़ाके पाकिस्तानी सैन्य वाहनों के पास नजर आ रहे हैं, जिनमें कुछ वाहन जलते हुए दिखाई देते हैं। मौके पर शव और हथियार भी नजर आने का दावा किया गया है। BLA ने कहा है कि हमले का पूरा वीडियो बाद में जारी किया जाएगा।
एक हफ्ते में तीसरा सबसे बड़ा हमला
इस घातक हमले कोBLA के एलीट 'फतेह दस्ते' द्वारा अंजाम दिए जाने का दावा किया गया है। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई सैनिकों के शव बुरी तरह जल गए, जिससे उनकी तत्काल पहचान करना मुश्किल हो गया है। जियारत क्रॉस क्षेत्र में केवल एक सप्ताह के भीतर पाकिस्तानी बलों को निशाना बनाकर किया गया यह तीसरा बड़ा हमला है। इस हमले के बाद उन पाकिस्तानी सैनिकों का मनोबल काफी टूट सकता है, जो इस इलाके में बीएलए के खिलाफ ऑपरेशन चला रहे हैं।
