वेंटीलेटर पर रखी गईं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया, सांस लेने में हो रही कठिनाई
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Dec 12, 2025, 11:23 AM IST
बयान में कहा गया है कि 80 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री का पहले 'हाई फ्लो नेजल कैनुला और बाइपैप सपोर्ट’ से इलाज किया जा रहा था लेकिन कोई सुधार न होने पर, उनके फेफड़ों और अन्य महत्वपूर्ण अंगों को आराम देने के लिए उन्हें ऐच्छिक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष का 23 नवंबर से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
लंबे समय से बीमार चल रही हैं खालिदा जिया। तस्वीर-AP
Khaleda Zia News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की तबीयत बृहस्पतिवार रात बिगड़ गई और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। मेडिकल बोर्ड के प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञ शाहबुद्दीन तालुकदार द्वारा हस्ताक्षरित एक बयान के अनुसार, 'उनकी सांस लेने में कठिनाई बढ़ गई, ऑक्सीजन का स्तर गिर गया और कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर बढ़ गया।'
कई दिनों से बीमार चल रहीं खालिदा
बयान में कहा गया है कि 80 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री का पहले 'हाई फ्लो नेजल कैनुला और बाइपैप सपोर्ट’ से इलाज किया जा रहा था लेकिन कोई सुधार न होने पर, उनके फेफड़ों और अन्य महत्वपूर्ण अंगों को आराम देने के लिए उन्हें ऐच्छिक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष का 23 नवंबर से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
बांग्लादेश में फरवरी में होंगे चुनाव
बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव कराये जायेंगे। अगस्त 2024 में छात्रों के हिंसक प्रदर्शन में शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद यह पहले चुनाव होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन ने बृहस्पतिवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘मतदान 12 फरवरी, 2026 को सुबह साढ़े सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक होगा।’
जनमत संग्रह भी कराया जाएगा
मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय सहमति आयोग के सुधार प्रस्तावों पर जनता की राय जानने के लिए मतदान के दिन, 12 फरवरी को एक साथ जनमत संग्रह भी कराया जायेगा। सीईसी की राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन से मुलाकात के एक दिन बाद यह घोषणा की गई। राष्ट्रपति ने सीईसी को आम चुनाव को ‘स्वतंत्र और निष्पक्ष’तरीके से संपन्न कराने के लिए ‘पूर्ण समर्थन और सहयोग’ का आश्वासन दिया था। यूनुस ने बार-बार कहा है कि बांग्लादेश में फरवरी में ‘ऐतिहासिक’चुनाव होंगे।
(एजेंसी इनपुट्स)