दुनिया

Bangladesh Unrest: चटगांव में भारतीय वीजा आवेदन प्रक्रिया अनिश्चितकाल के लिए बंद; पड़ोसी मुल्क पर भारत की सीधी निगाह

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के सामने हुए कथित प्रदर्शन को लेकर चल रही खबरों को लेकर सच्चाई बताई है। उन्होंने कहा, 'हमने बांग्लादेशी मीडिया के कुछ हिस्सों में इस घटना को लेकर भ्रामक प्रचार देखा है। सच्चाई यह है कि 20 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के सामने लगभग 20-25 युवक इकट्ठा हुए और मयमनसिंह में दीपू चंद्र दास की जघन्य हत्या के विरोध में नारे लगाए।

बांग्लादेश के पाकिस्तान जैसे हालात। फोटो-PTI/टाइम्स नाउ नवभारत।

बांग्लादेश के पाकिस्तान जैसे हालात। फोटो-PTI/टाइम्स नाउ नवभारत।

बांग्लादेश में हालात छात्र आंदोलन के बाद हालात एक बार फिर बिगड़ गए हैं। शेख हसीना और भारत विरोधी उस्मान हादी की मौत के बाद कई इलाकों में उन्मादी भीड़ की बर्बरता देखने को मिली है। हाल ही में यहां एक हिंदू युवक की हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, एक शनिवार को एक सात साल की बच्ची को जिंदा जला दिया गया। पड़ोसी देश में हो रही हिंसा को लेकर भारत भी अलर्ट है। सीमा पर सख्ती बढ़ा दी गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि बांग्लादेश के हालात पर भारत की पैनी निगाह है। उन्होंने वहां अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों को लेकर चिंता भी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने भारत में बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर कथित प्रदर्शन की खबरों को लेकर भी सच्चाई बताई है। वहीं, दूसरी ओर बांग्लादेश के दूसरे सबसे बड़े शहर चटगांव में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई हैं।

    दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर कोई सुरक्षा संकट नहीं

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के सामने हुए कथित प्रदर्शन को लेकर चल रही खबरों को लेकर सच्चाई बताई है। उन्होंने कहा, 'हमने बांग्लादेशी मीडिया के कुछ हिस्सों में इस घटना को लेकर भ्रामक प्रचार देखा है। सच्चाई यह है कि 20 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के सामने लगभग 20-25 युवक इकट्ठा हुए और मयमनसिंह में दीपू चंद्र दास की जघन्य हत्या के विरोध में नारे लगाए। साथ ही बांग्लादेश में सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग की। किसी भी समय बाड़ तोड़ने या असुरक्षा की स्थिति पैदा करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। मौके पर तैनात पुलिस ने कुछ ही मिनटों में समूह को तितर-बितर कर दिया। इन घटनाओं के दृश्य प्रमाण सार्वजनिक रूप से सभी के देखने के लिए उपलब्ध हैं। भारत वियना कन्वेंशन के अनुसार अपने क्षेत्र में विदेशी मिशनों/पोस्टों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत बांग्लादेश में विकसित हो रही स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। हमारे अधिकारी बांग्लादेश के अधिकारियों के संपर्क में हैं और हमने अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों पर अपनी गहरी चिंता उनसे व्यक्त की है। हमने इस बर्बर कृत्य के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भी आग्रह किया है। हमने बांग्लादेश से कहा है कि दास के हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।

    वीजा सेवाएं अनिश्चतकालीन समय के लिए निलंबित

    बांग्लादेश के दूसरे सबसे बड़े शहर चटगांव में स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में वीजा सेवाएं अगला नोटिस जारी किए जाने तक निलंबित कर दी गई हैं। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

    यह कदम प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बढ़े तनाव के मद्देनजर उठाया गया है। ‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार ने रविवार को भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) के हवाले से बताया कि चटगांव में भारतीय वीजा आवेदन संबंधी प्रक्रिया को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया है। चटगांव में भारतीय सहायक उच्चायोग में हाल में हुई घटना के बाद यह निर्णय रविवार से प्रभावी हो गया। आईवीएसी के अनुसार, बंदरगाह शहर में भारतीय वीजा संबंधी सभी सेवाएं 21 दिसंबर से अगले आदेश तक बंद रहेंगी।

    बयान में कहा गया कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद वीजा आवेदन केंद्र को फिर से खोलने के संबंध में आगे की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा, बांग्लादेश के सिलहट में भारतीय सहायक उच्चायोग कार्यालय और वीजा आवेदन केंद्र पर शनिवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई।‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार के अनुसार, सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (मीडिया) सैफुल इस्लाम ने कहा कि सुरक्षा के कड़े उपाय इसलिए किए गए हैं ताकि कोई तीसरा पक्ष स्थिति का फायदा न उठा सके।

    उस्मान हादी के सिर में मारी थी गोलियां

    नकाबपोश बंदूकधारियों ने 12 दिसंबर को मध्य ढाका के विजयनगर क्षेत्र में इंकलाब मंच के प्रवक्ता हादी के सिर में उस समय गोली मार दी थी जब वह चुनाव प्रचार कर रहे थे। बाद में सिंगापुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत के बाद बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इसी दौरान चटगांव में सहायक भारतीय उच्चायुक्त के आवास पर बृहस्पतिवार को पथराव की घटना भी हुई। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हादी को शनिवार को राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के पास दफनाया गया।

    शिव शुक्ला
    शिव शुक्ला author

    शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

    End of Article