दुनिया

बांग्लादेश में बिगड़े हालात: उपद्रवियों ने सात साल की बच्ची को जिंदा जलाया; हादी के हत्यारों की गिरफ्तारी पर अड़ा इंकलाब मंच

इस बीच, इंकलाब मंच ने सरकार को हादी के हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यह अल्टीमेटम शनिवार दोपहर को ढाका के शाहबाग चौराहे पर हजारों लोगों के इकट्ठा होने के बाद दिया गया।

उस्मान हादी की मौत के बाद फिर जलने लगा बांग्लादेश।

उस्मान हादी की मौत के बाद फिर जलने लगा बांग्लादेश।

बांग्लादेश में इंकलाब मंच के युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से बवाल मचा हुआ है। वहां हालात इस कदर बेकाबू हो गए हैं कि उन्मादी भीड़ ने लक्ष्मीपुर सदर उपजिला के भबानीगंज यूनियन के पश्चिम चार मानसा गांव में सात साल की एक बच्ची को जिंदा जला दिया। यह घटना शुक्रवार देर रात हुई। वहीं, आज उस्मान हादी को दफनाए जाने के दौरान उग्र भीड़ ने वहां के संसद भवन पर भी हमला करने की कोशिश की। इस दौरान भारत विरोधी नारे भी लगाए गए।

शव ढाका पहुंचने के बाद बिगड़े हालात

बांग्लादेश में हादी की मौत के बाद से ही हालात बेकाबू थे। हालांकि शुक्रवार दिन में सुरक्षाबलों की मुस्तैदी के चलते थोड़ी शांति थी, लेकिन जैसे ही शाम को लोगों को पता चला कि हादी का शव सिंगापुर से लाया जा चुका है, उसके बाद हालात बेकाबू हो गए और भीड़ ने बवाल करना शुरू कर दिया। इसी बीच, देर रात उपद्रवियों ने पूर्व पीएम खालिदा जिया की पार्टी के नेता बिलाल हुसैन के घर पर हमला कर दिया। काफी तोड़-फोड़ के बाद उपद्रवियों ने घर के दोनों दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान घर में सो रही 7 साल की बच्ची आयेशा अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी दो बड़ी बहनें, सलमा अख्तर (16 वर्ष) और सामिया अख्तर (14 वर्ष), 50-60 फीसदी जल गईं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेलाल हुसैन को भी स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बेटियों को एडवांस मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए ढाका रेफर किया गया है।

इंकलाब मंच ने सरकार को दिया अल्टीमेटम

इंकलाब मंच ने सरकार को हादी के हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यह अल्टीमेटम शनिवार दोपहर को ढाका के शाहबाग चौराहे पर हजारों लोगों के इकट्ठा होने के बाद दिया गया। इंकलाब मंच के प्रवक्ता और जुलाई के जन आंदोलन के मुख्य नेताओं में से एक शरीफ उस्मान हादी की जनाजे की नमाज के बाद चेतावनी दी।

शाहबाग चौराहे का नाम हादी के नाम पर रखा जाए

शनिवार दोपहर को उस्मान हादी को दफनाने के बाद, संगठन के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर शाहबाग चौराहे पर पहुंचे और कहा कि अगर रविवार शाम 5:15 बजे तक शरीफ उस्मान हादी के हत्यारों की गिरफ्तारी के बारे में सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आता है, तो वे शाहबाग में फिर से धरना देंगे। उन्होंने यह भी मांग की कि शाहबाग चौराहे का नाम हादी के नाम पर रखा जाए।

हादी को किया गया सुपुर्द ए खाक

ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, सुपुर्द ए खाक करने से पहले हादी के जनाजे की नमाज दोपहर 2:30 बजे नेशनल पार्लियामेंट बिल्डिंग के साउथ प्लाजा में अदा की गई। जनाजे की नमाज के बाद, ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल मस्जिद के पास राष्ट्रकवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया। इसके बाद, भीड़ नारेबाजी करती हुई संसद भवन में घुसने की कोशिश की। जिसे सुरक्षाबलों द्वारा रोका गया। सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।

आगामी चुनाव में हादी, ढाका-8 सीट से उम्मीदवार थे। 12 दिसंबर को ढाका के पलटन इलाके में कुछ अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया। जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान हादी का निधन हो गया। हादी का शव शुक्रवार को बांग्लादेश लाया गया था। इसके बाद से ही वहां के हालात काफी खराब हैं।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article