दुनिया

बांग्लादेश: और बढ़ी शेख हसीना की मुश्किलें, ट्रिब्यूनल में आरोप तय, गैरमौजूदगी में 3 अगस्त से मुकदमा होगा शुरू

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल 15 जुलाई से 15 अगस्त के बीच हसीना सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा कार्रवाई के आदेश के कारण 1,400 से ज़्यादा लोग मारे गए थे।

Image

बांग्लादेश: और बढ़ी शेख हसीना की मुश्किलें, ट्रिब्यूनल में आरोप तय, गैरमौजूदगी में 3 अगस्त से मुकदमा होगा शुरू

Bangladesh Tribunal Indicts Deposed PM Hasina: बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण में मानवता के विरुद्ध अपराध के एक मामले में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ उनकी अनुपस्थिति में बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से आरोप तय किए गए। विशेष न्यायाधिकरण ने मुकदमे की शुरुआत की तारीख तीन अगस्त तय की है। अभियोजन के वकील ने संवाददाताओं को बताया कि बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT-BD) ने हसीना के साथ-साथ उनके शासन के दौरान गृह मंत्री रहे असदुज्जमां खान कमाल और (तत्कालीन) पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) चौधरी अब्दुल्ला अल मामून के खिलाफ भी आरोप तय किए हैं।

छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर मुकदमा

तीनों के खिलाफ पिछले साल जुलाई-अगस्त में छात्रों के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों को दबाने के उनके प्रयासों के लिए मानवता के विरुद्ध अपराध का मुकदमा चलाने का आदेश दिया है। अभियोजकों ने कहा कि हसीना के खिलाफ विद्रोह को दबाने के लिए नरसंहार, हत्या और यातना देने का भी आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि एकमात्र मौजूद आरोपी मामून को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। बाकी दो आरोपियों - हसीना और खान - की अनुपस्थिति में मुकदमा चलेगा। पिछले वर्ष हुए हिंसक छात्र आंदोलन के चलते अवामी लीग सरकार के अपदस्थ होने के बाद हसीना पांच अगस्त को भारत चली गई थीं।

1,400 से ज्यादा लोग मारे गए थे

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल 15 जुलाई से 15 अगस्त के बीच हसीना सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा कार्रवाई के आदेश के कारण 1,400 से ज़्यादा लोग मारे गए थे। गुरुवार के आदेश के साथ, 72 वर्षीय हसीना और मानवता के विरुद्ध अपराधों के मामले में अन्य प्रतिवादियों के खिलाफ पहली बार औपचारिक सुनवाई शुरू हो गई है। पिछले साल 5 अगस्त को देश में छात्रों के नेतृत्व में हुए एक बड़े आंदोलन के बाद, जिसके कारण उन्हें ढाका छोड़कर भागना पड़ा था, हसीना बांग्लादेश में कई मामलों का सामना कर रही हैं।

अभियोजकों ने बताया कि व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले एकमात्र आरोपी मामून ने हिरासत से न्यायाधिकरण के समक्ष पेश होने पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अभियोग सुनवाई के दौरान, पूर्व पुलिस प्रमुख ने बाद में अभियोजन पक्ष के पक्ष में बयान देने की इच्छा जताई। पीठासीन न्यायाधीश ने कहा कि न्यायाधिकरण बाद में तय करेगा कि उन्हें अनुमोदक माना जाए या नहीं। मामून के वकील ने पत्रकारों को बताया कि पूर्व पुलिस प्रमुख ने हिंसक आंदोलन में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए सरकारी गवाह बनने पर सहमति जताई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article