दुनिया

कैलिफोर्निया एयरबेस पर बड़ा हादसा, B-52 बॉम्बर विमान क्रैश होने से 8 लोगों की मौत

अमेरिका के कैलिफोर्निया एयर फोर्स बेस पर सोमवार सुबह B-52 बॉम्बर विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 8 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। विमान एक नियमित परीक्षण मिशन पर था। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू जारी है।

Image

US B-52 Bomber Crash

Photo : AP

US B-52 Bomber Crash: अमेरिका के साउथ कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर सोमवार सुबह एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया। अमेरिकी वायुसेना का B-52 बॉम्बर विमान टेक ऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 8 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद घटना बताया है।

एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस के डिप्टी कमांडर जेम्स हेज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमने आठ महान अमेरिकियों को खो दिया है।" उन्होंने बताया कि विमान नियमित परीक्षण मिशन (Test Mission) पर था। इसी दौरान सुबह करीब 11:20 बजे उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

हादसे की फुटेज आई सामने

हादसे के बाद सामने आए हवाई दृश्यों में विमान का मलबा पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आया। घटनास्थल पर रेगिस्तानी इलाके का एक बड़ा हिस्सा जल गया था और वहां से काला धुआं उठता दिखाई दिया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

अधिकारियों के अनुसार यह हादसा इतना भीषण था कि किसी के बचने की कोई संभावना नहीं थी। जेम्स हेज ने कहा कि वीडियो फुटेज की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हो गया था कि यह "अनसर्वाइवेबल क्रैश" था। अमेरिकी वायुसेना ने हादसे की प्रारंभिक जांच के लिए एक अंतरिम सुरक्षा बोर्ड का गठन किया है। यह बोर्ड तथ्यों को जुटाकर विस्तृत सुरक्षा जांच करेगा। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच प्रक्रिया में करीब छह महीने तक का समय लग सकता है।

विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी के मुताबिक, विमान के टेकऑफ के तुरंत बाद गिरने से संकेत मिलते हैं कि उड़ान नियंत्रण सिस्टम में कोई गंभीर खराबी हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि रखरखाव के बाद कंट्रोल सिस्टम में गड़बड़ी, इंजन फेल होना या परीक्षण के दौरान किसी उपकरण में आई खराबी हादसे का कारण हो सकती है।

क्या है बोइंग B-52 बॉम्बर विमान

बोइंग B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस अमेरिकी वायुसेना का एक लंबी दूरी तक हमला करने वाला बॉम्बर विमान है, जो 1955 से सेवा में है। यह पारंपरिक और परमाणु दोनों हथियारों को ले जाने में सक्षम है। इसका इस्तेमाल वियतनाम से लेकर मध्य पूर्व तक कई सैन्य अभियानों में किया जा चुका है। हादसे के बाद एडवर्ड्स एयरबेस के एयरफील्ड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और आने वाले विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ा जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article