यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिका ने रूस के साथ सामान्य व्यापारिक संबंध समाप्त किए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 7, 2022, 11:20 PM IST

अमेरिकी कांग्रेस ने रूस के साथ सामान्य व्यापार संबंध निलंबित करने और उसके तेल पर प्रतिबंध लगाने संबंधी विधेयक को हरी झंडी दी।

यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिका ने रूस के साथ सामान्य व्यापारिक संबंध समाप्त किए

यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिका ने रूस के साथ सामान्य व्यापारिक संबंध समाप्त कर लिए हैं। अमेरिकी कांग्रेस ने गुरुवार को रूस के साथ सामान्य व्यापार संबंधों को समाप्त करने के लिए मतदान किया। ये कानून रूस के सहयोगी बेलारूस पर भी लागू होता है और राष्ट्रपति जो बाइडेन को आयात पर भारी शुल्क वृद्धि करने में सक्षम बनाता है।

बाइडेन ने पिछले महीने एक भाषण में कदमों की घोषणा करते हुए तर्क दिया था कि रूस को अपने पूर्व सोवियत पड़ोसी में रक्तपात के लिए कीमत चुकानी चाहिए। सीनेट के बहुमत के नेता चक शूमर ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ किए जा रहे घृणित युद्ध अपराधों के लिए पुतिन को पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। हमने उस देश की जो छवियां देखी हैं, वे बेहद बुरी हैं। यह हमें मानव इतिहास के सबसे बुरे क्षणों की याद दिलाता है, जो दुष्ट व्यक्ति पुतिन के कारण हुए।

वहीं यूरोपीय यूनियन रूसी कोयले पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। ईयू के कार्यकारी अंग यूरोपीय आयोग ने कहा कि इस सप्ताह लगाए जाने वाले नए प्रतिबंधों के दौरान कोयले पर भी पाबंदी लगाई जा सकती है। कोयले पर प्रतिबंध लगाए जाने से रूस को एक साल में 4 अरब डॉलर का नुकसान होने का अनुमान है। ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े जानकारों और कोयला आयातकों के अनुसार यूरोप कुछ महीने में रूस के बजाय अन्य देशों से कोयला मंगा सकता है, जिनमें अमेरिका भी शामिल है। यूरोप एक दिन में रूस से दो करोड़ यूरो का कोयला खरीदता है।

End of Article