दुनिया

कनाडा से तनातनी के बीच ट्रंप ने बदला झील का नाम, Lake Ontario हुआ ‘Lake America’

कनाडा के साथ जारी व्यापार युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कार्यकारी आदेश जारी कर अमेरिका में 'लेक ओंटारियो' (Lake Ontario) का नाम बदलकर 'लेक अमेरिका' (Lake America) कर दिया है।

Image

अमेरिका ने 'लेक ओंटारियो' का नाम बदलकर रखा 'लेक अमेरिका' (फोटो- AP)

कनाडा के साथ जारी व्यापार युद्ध (Trade War) को नया मोड़ देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक विवादित कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। इस आदेश के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका में 'लेक ओंटारियो' (Lake Ontario) का नाम बदलकर 'लेक अमेरिका' (Lake America) कर दिया गया है।

ओवल ऑफिस में रेसोल्यूट डेस्क पर बैठकर इस आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप के पीछे ग्रेट लेक्स (Great Lakes) का एक बड़ा नक्शा लगा था, जिस पर लाल अक्षरों में लेक ओंटारियो की जगह "लेक अमेरिका" लिखा हुआ था। वहीं राष्ट्रपति के दूसरी तरफ लगे बोर्ड पर लिखा था- "मेकिंग द ग्रेट लेक्स ईवन ग्रेटर"।

आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

आदेश पर हस्ताक्षर करते समय ट्रंप ने कहा, "हमने उन सभी लोगों को सूचित कर दिया है जिन्हें सूचित करने की आवश्यकता थी। हमने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और यह फैसला तत्काल प्रभाव से आधिकारिक रूप से लागू हो गया है।"

यह आदेश अमेरिकी आंतरिक विभाग को अमेरिका की भौगोलिक नामकरण सेवा में झील का नाम अपडेट करने का निर्देश देता है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति का यह फैसला कनाडा के लिए बाध्यकारी नहीं है और वह अपने क्षेत्र में इस झील का नाम बदलने के लिए बाध्य नहीं है।

टैरिफ वॉर और 51वें राज्य का तंज

दोनों देशों के बीच हाल ही में बातचीत टूटने के बाद अमेरिका ने कनाडा के 20 अरब डॉलर मूल्य के सामान पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इसके जवाब में कनाडा ने भी इसी हफ्ते जवाबी कार्रवाई करते हुए स्टील, डेयरी उत्पादों, उपकरणों और कृषि उपकरणों सहित 20 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान पर टैरिफ लगा दिया।

राष्ट्रपति पद पर वापसी के बाद से ही ट्रंप कनाडा पर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। वे न केवल टैरिफ बढ़ा रहे हैं, बल्कि तंज कसते हुए यह सुझाव भी दे चुके हैं कि अमेरिका के इस पारंपरिक सहयोगी देश को अमेरिका के 51वें राज्य के रूप में शामिल हो जाना चाहिए।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article