दुनिया

न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, एयर कनाडा का विमान फायर ट्रक से टकराया, दोनों पायलट की मौत

अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित LaGuardia Airport पर एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एयर कनाडा का एक विमान, फायर ट्रक से टकरा गया है। दोनों पायलट की इस दुर्घटना में मौत हो गई है।

Image

न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर एयर कनाडा का विमान फायर ट्रक से टकराया

अमेरिका के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा हुआ है। एयर कनाडा का एक प्लेन एयरपोर्ट पर रनवे से टकरा गया है। अधिकारियों के अनुसार, रविवार देर रात न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर खड़ी दमकल गाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में दोनों पायलटों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए और एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

लैंडिंग के वक्त ट्रक से टकराया विमान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एयर कनाडा एक्सप्रेस विमान हवाईअड्डे पर उतर रहा था, तभी रनवे पर मौजूद एक ग्राउंड वाहन यानी फायर ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विमान में सवार यात्रियों और ग्राउंड स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। न्यूयॉर्क सिटी फायर विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि दमकलकर्मियों ने रात 11:38 बजे रनवे पर एक वाहन से विमान के टकराने की सूचना पर कार्रवाई की।

जांच में जुटे अधिकारी

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रनवे पर फायर ट्रक की मौजूदगी और विमान की आवाजाही के बीच तालमेल में कहां चूक हुई। विमानन सुरक्षा एजेंसियां और हवाईअड्डा प्रशासन संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।

उड़ान सेवा प्रभावित

इस घटना के बाद New York City के इस प्रमुख हवाईअड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि सुरक्षा जांच पूरी होने और रनवे को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही हवाईअड्डे को दोबारा खोला जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें