Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ (EU) से आयातित वाहनों पर अगले सप्ताह 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया। साथ ही यूरोपीय संघ पर व्यापार समझौते का पालन नहीं करना का आरोप लगाया। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों का विस्तार से विवरण नहीं दिया।
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर एक पोस्ट में कहा, ''यूरोपीय संघ हमारे साथ हुए व्यापार समझौते का पालन नहीं कर रहा है। इसी कारण अगले सप्ताह अमेरिका में यूरोप से आने वाली कारों और ट्रकों पर टैरिफ बढ़ाकर 25 फीसदी किया जाएगा।''
अमेरिकी राष्ट्रपति और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेएन के बीच पिछले साल जुलाई में एक व्यापार समझौता हुआ था, जिसके तहत अधिकांश वस्तुओं पर 15 प्रतिशत शुल्क की सीमा तय की गई थी। यह शुल्क ढांचा 'टर्नबेरी समझौता' के नाम से जाना जाता है जिसका नाम स्कॉटलैंड में ट्रंप के गोल्फ कोर्स पर रखा गया था। दोनों पक्षों ने पहले इस समझौते को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई थी।
हालांकि, इस वर्ष अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद इस समझौते को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि ट्रंप के पास आर्थिक आपातकाल घोषित कर यूरोपीय संघ के उत्पादों पर शुल्क लगाने का कानूनी अधिकार नहीं है। इस फैसले के बाद शुल्क सीमा प्रभावी रूप से 10 प्रतिशत तक सीमित हो गई।
अमेरिका में कई ट्रक प्लाट्स निर्माणाधीन
ट्रंप ने कहा कि अगर यूरोपीय कंपनियां अमेरिका में ही अपने प्लांट लगाकर कार और ट्रक का उत्पादन करती हैं, तो उन पर कई टैरिफ नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि इस समय अमेरिका में कई ऑटोमोबाइल और ट्रक प्लांट्स निर्माणाधीन हैं, जिनमें 100 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश हो रहा है, जो कार और ट्रक निर्माण के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।
जल्द शुरू होंगे प्लांट्स
उन्होंने आगे कहा कि इन प्लांट्स में अमेरिकी कामगारों को रोजगार मिलेगा और जल्द ही इनके शुरू होने की उम्मीद है। ट्रंप ने इसे अमेरिका में हो रहे बड़े ओद्योगिक बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। इस मामले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
आंकड़ों के अनुसार, 2024 में अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं का व्यापार 1.7 लाख करोड़ यूरो (करीब दो लाख करोड़ डॉलर) रहा, जो औसतन प्रतिदिन 4.6 अरब यूरो के बराबर है।
